






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 जून 2024। आटा-साटा एक सामाजिक बुराई है परंतु आर्थिक विषमताओं सहित अनेक कारणों से आज भी बड़ी संख्या में अनेक परिवार आटा-साटा के रिश्तों में उलझ रहें है। इन रिश्तों में एक विवाद होने पर कई घर टूटने के साथ कई परिवार कोर्ट-कचहरी में चक्कर लगाते नजर आने के मामले खूब बढ़ रहें है। श्रीडूंगरगढ़ के गांव बरजांगसर में आटे-साटे में जुड़े परिवारों ने परस्पर मामले दर्ज करवाए है।
पति ने पीटा पत्नी को, देवर, ननद व सास के खिलाफ मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 25 वर्षीय गुड्डीदेवी पत्नी मनोज नाथ पुत्री मेघनाथ सिद्ध निवासी बरजांगसर ने पुलिस को बताया कि उसके ससुर भिखनाथ ने गांव बाडेला में खेत काश्त पर ले रखा है जहां वे परिवार सहित ढाणी बनाकर रहते है। परिवादिया ने बताया कि वह अक्सर बीमार रहती है और शनिवार को उसकी तबीयत बहुत खराब थी तो उसने दोपहर को सास से खाना बनाने से मना कर दिया। रविवार को दोपहर करीब 12 बजे वह हड़मानाराम जाट के खेत में बनी ढाणी के पीछे बैठी थी तभी उसका पति मनोजनाथ आया और उसके साथ खुरपे से मारपीट शुरू कर दी। पति के साथ देवर शंकरनाथ व दीननाथ, ननद विमला व सास कम्मादेवी ने मिलकर जान से मारने की नियत से उसके साथ मारपीट की। खेत पड़ौसियों ने बीच-बचाव कर उसे छुड़वाया और उसके पीहर सूचना दी। तो सोमवार को उसके पिता मेघनाथ, बड़े बाबा अर्जननाथ व रेखनाथ व मामा गणेशनाथ बाना व भाई सीतनाथ, हुकमनाथ आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। पुलिस ने मामले की जांच एसआई धर्मपाल वर्मा को दी है।
देवर ने भाभी के परिजनों के खिलाफ भाई पर जानलेवा हमले का लगाया आरोप, बहन को मारने की दी धमकी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। इसी मामले में गुड्डी देवी के देवर 23 वर्षीय शंकरनाथ पुत्र भिखनाथ सिद्ध निवासी बरजांगसर ने पुलिस को बताया कि वह और उसका भाई मनोजनाथ रोही बाडेला में स्थित हरिराम बाना का टयूबवैल काश्त करते है तथा ढाणी बनाकर खेत में ही निवास करते है। सोमवार को मनोजनाथ खेत की ढाणी में बैठा था। मेघनाथ, सीताराम, हुकमनाथ, अर्जननाथ निवासी बीनादेसर, गणेशनाथ व शंकरनाथ निवासी बाना व 5-6 अन्य जने कैंपर गाड़ी में लाठियां, जैई, कुल्हाड़ी सहित धारदार हथियार लेकर आए। भाई पर जानलेवा हमला कर उसे घायल कर दिया और उसे मरा समझकर छोड़ गए। इससे मनोजनाथ को गहरी चोटें आई है और वह उपजिला अस्पताल में भर्ती है। परिवादी ने बताया कि आरोपियों के यहां उसकी बहन सरोज ब्याही हुई जिसे जान से मारने की धमकी देकर गए है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई धर्मपाल वर्मा को दी गई है।




