May 20, 2026
sri-news-banner-Recovered

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 जून 2024। बीकानेर जिले के विभिन्न थानों में दर्ज अनेक अपराधिक मामलों की क्राइम फाइल पढें एकसाथ और रहें सतर्क।

पेड़ से बांध कर पीटने से हुई युवक की मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कालू थाना क्षेत्र के खोडाला गांव की रोही में एक युवक को पेड़ से बांध कर पीट पीट कर मार डालने का मामला दर्ज हुआ है। पल्लू, हनुमानगढ़ निवासी 56 वर्षीय मनीराम पुत्र जेठाराम जाट ने खोडाला निवासी रामेश्वर पुत्र चेतनराम गोदारा, उसका पुत्र भागीरथ व माणक, भागीरथ की पत्नी दुर्गा, पृथ्वी गोदारा के खिलाफ अपने पुत्र की लाठियों से पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिवादी ने बताया कि उसने गांव खोडाला की रोही में खेत काश्त पर ले रखा है। इस खेत में ही 17 जून को दोपहर करीब 2 बजे आरोपियों ने उसके पुत्र को पेड़ से बांधकर लाठियों से पीटा। जब वह आरोपियों से छुड़वाकर अपने पुत्र को सीएचसी पल्लु ले गया तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच थानाधिकारी धर्मवीर को सौंप दी है।

घर के सामने से बाइक चोरी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नोखा थाने में तिरूपति नगर निवासी बजरंगलाल पुत्र भंवरलाल सुथार अज्ञात चोर के खिलाफ 16 जून की रात को अपने घर के सामने से ही मोटरसाइकिल चोरी कर लेने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांसटेबल टीकूराम को दी गई है।

नाबालिग से करवाया श्रम, दो होटल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। खाजूवाला थाने के एएसआई जेठाराम ने बतौर परिवादी खाजूवाला निवासी महेश पुत्र राजेन्द्र जाजड़ा व राजकुमार पुत्र चतुर्भुज के खिलाफ बाल श्रम अधिनियम के उल्लघंन का मामला दर्ज किया है। इन पर अपने होटल व रेस्टोरेंट पर नाबालिक बच्चों से काम करवाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज किया व जांच एएसआई जेठाराम को दी गई है।

दो बहनों को पीटा, एक महिला सहित तीन के खिलाफ मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। छतरगढ़ थाने में दो बहनों के साथ मारपीट का मामला दर्ज हुआ है। क्षेत्र की रामनगर निवासी शारदा पत्नी बणीराम जाट व उसकी बहिन धामू देवी पत्नी ओमप्रकाश जाट ने थाने पहुंच कर पुलिस को बताया कि मंगलवार को करीब 7-8 बजे सुभाष पुत्र ठाकरूराम निवासी भीखनेरा, दुर्गा पत्नी जेठाराम निवासी रामनगर, विद्यादेवी पत्नी ठाकरूराम के खिलाफ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने जांच हैड कांस्टेबल गजेंद्रसिंह को दी है।

लापरवाही से ट्रक चलाया, टक्कर से युवक की मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कोलायत थाने में भोपालगढ़ निवासी प्रेमाराम पुत्र कचाराम जाट ने पंजाब निवासी कनवल जीतसिंह के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने रावनेरी के निकट एनएच 62 पर 17 जून को लापरवाही से ट्रक चलाकर उसके साले की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। जांच हैड कांस्टेबल दौलतराम को दी है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कोलायत थाने में गड़ियाला निवासी देवाराम पुत्र खेताराम मेघवाल अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 15 जून को रात 8.30 बजे उसके भतीजे की मोटरसाइकिल को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे उसकी ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल लखपतसिंह को दी है।

गांव के दो मंदिरों में चोरी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बीछवाल थाने में पेमासर निवासी श्रीकृष्ण पुत्र मनोहर ने 16 जून की रात को गांव के शिव मंदिर व हनुमान मंदिर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम देने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने जांच एएसआई मोहनराम को दी है।

पीबीएम अस्पताल परिसर में खड़ी दो बाइकें चोरी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सदर थाने में वाल्मिकी बस्ती निवासी सचिन गिगना पुत्र मनोहर गिगना ने अज्ञात चोर के खिलाफ मंगलवार को शाम 8.20 बजे पीबीएम अस्पताल में भ्रमण पथ के पास खड़ी उसकी बाइक चोरी कर लेने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। इसी थाने में इन्द्रा चौक निवासी अमित पुत्र राजकुमार सोनी ने अपनी मोटरसाइकिल भी पीबीएम अस्पताल से ही 14 जून को अज्ञात चोर द्वारा ले जाने का मामला दर्ज करवाया है। दोनों मामलों की जांच हैड कांस्टेबल मुकेश कुमार को दी है।

मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, एक की मौत, एक घायल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सदर थाने में चौधरी कॉलोनी निवासी 53 वर्षीय बलीरामसिंह पुत्र ज्वालासिंह राजपूत ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 17 जून की रात करीब 10.30 बजे एक गाड़ी चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उसके साले रविंद्रसिंह व उसके दोस्त भानु की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिससे दोनों उछल कर गिर गए व चोटें आई। लोगों ने पीबीएम अस्पताल पहुंचाया जहां मंगलवार को रविंद्र सिंह की मौत हो गई व भानुराम का ईलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल मुकेश कुमार को दी है।
मुक्ताप्रसाद थाने में जेएनवीसी कॉलोनी निवासी भुपेन्द्र पुत्र वासुदेव भारद्वाज ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने बताया कि 8 जून से 18 जून के बीच रामपुरा बस्ती की 1 नबंर गली में स्थित उसकी बहिन के घर चोर घुसे। चोरों ने नगदी, सोने चांदी के गहने चोरी कर लिए है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल सवाईसिंह को दी है।

मोटरसाइकिल चोरी के दो मामले दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कोटगेट थाने में गंगाशहर निवासी महावीर लखारा ने अपनी बाइक 16 जून को पार्किंग स्थल पर खड़ा किया। इसी दिन शाम को उसने देखा तो उसकी बाइक नहीं मिली। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई जिलेसिंह को दी है। वहीं इसी थाने में गंगाशहर रोड निवासी संजय नाथ पुत्र गुलाबनाथ ने 23 अप्रैल को अपने घर के सामने मोटरसाइकिल खड़ी की जहां से कोई चोर ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल प्रवीण कुमार को दी है।