






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 जुलाई 2024। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मुख्य बाजार में स्थित एक प्याऊ पर लगे शिलालेख को तोड़ डाला गया है। इस हरकत पर विरोध जताते नागरिकों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्याऊ पर पूर्व विधायक किसनाराम नाई के नाम का शिलापट्ट लगाया हुआ था। मंगलवार सुबह शिलापट्ट तोड़ा हुआ मिला। जिस पर नाई के समर्थक किशनसिंह राजपुरोहित, उम्मेद मुगल, पूर्णमल स्वामी, हड़मान नाई, प्रकाश जांगिड़, केके जांगिड़, कन्हैयालाल स्वामी सहित नाई के पोते आशीष जाड़िवाल ने मौके पर पहुंचे व इस घटना का विरोध जताया। किशनसिंह ने बताया कि प्रशासन को सूचना दे दी गई व अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसी ओछी हरकत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। सभी ने अज्ञात के खिलाफ विरोध जताते हुए एक स्वर में दो दिन में कार्रवाई नहीं होने पर प्रदर्शन करने की बात कही है।






