






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 अगस्त 2024। क्षेत्र में आज सुबह करीब 4 बजे से 6 बजे तक कई गांवो में जोरदार बरसात हुई है। बरसात के कारण करीब एक दर्जन गांवो के स्कूलों में अघोषित छुट्टी हो गई है। गांव धीरदेसर चोटियान में करीब आधा दर्जन घरों से परिवारों प्रशासन ने शिफ्ट होने के निर्देश दिए है। यहां स्कूल व अंबेडकर भवन में राहत कैंप बनाया गया है। सरपंच रामचंद्र चोटिया द्वारा इन राहत शिविर में राशन की व्यवस्था की जाएगी। वहीं कितासर बीदावतान में भी खूब बरसात हुई है परंतु भाटियान में पानी निकालने के लिए पंप सेट लगाया गया है। गांव आड़सर में ग्राम पंचायत की दुकानों में पानी घुस गया है वहीं हनुमानजी व हरिरामजी मंदिर में पानी घुस गया है। कई घरों की बाखल में पानी भर गया व कई गलियां जलमग्न हो गई। सरपंच प्रतिनिधि शिवभगवान जोशी की अगुवाई में ग्रामीण घरों व गलियों से पानी गांव के बाहर निकाला जा रहा है। यहां पानी निकासी के लिए बनाई डिग्गी भर गई है। गांव बिग्गाबास रामसरा व बिग्गा में भी जमकर बरसात हुई है। यहां अनेक खेतों में भी पानी भर गया है। बता देवें मौसम विज्ञान की प्रामाणिक साइट से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर तीन बजे बाद श्रीडूंगरगढ़ इलाके में पुन: बरसात की संभावना है। वहीं साढें पांच बजे के बाद भारी बरसात हो सकती है।
















