






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अगस्त 2024। गुरूवार को क्षेत्र के सबसे बड़े शिक्षण संस्थान भारती निकेतन में विशाल जनसमूह की उपस्थिति में स्वतंत्रता दिवस का शानदार समारोह मनाया गया। मंच पर विद्यार्थियों ने हाड़ा रानी सहल कंवर की नाटिका प्रस्तुत की हर किसी को आजादी के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने के भाव से भर दिया। छात्र छात्राओं ने विभिन्न राज्यों की संस्कृतियों को सजीव करते हुए हरियाणवी, पंजाबी तथा कालबेलिया नृत्य की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह में नशा मुक्ति तथा वृद्धा आश्रम के बारे में मार्मिक नाटक प्रस्तुति दी जिसकी जनसमूह ने मुक्तकंठ से सराहना की। कश्मीर फाइल्स की प्रस्तुति ने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया। सोशल मीडिया पर आधारित कार्यक्रम ने बच्चों को सोशल मीडिया से होने वाले नुकसान के बारे में अवगत करवाया और अभिभावकों को बच्चों को समय देने के बारे में प्रेरित किया। नन्हें बच्चों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति पर वन्स मोर की मांग हुई और बच्चों ने पुन: मंच पर उल्लास के साथ वॉलीवुड गीतों पर प्रस्तुति दी। समारोह के प्रारंभ से पूर्व स्कूल के संचालक ओमप्रकाश स्वामी और डॉक्टर ओमप्रकाश स्वामी ने तिरंगा फहराया। 7वीं राजस्थान बटालियन की एनसीसी ने एएनओ नितिन सिंह के नेतृत्व में मार्च पास्ट की प्रस्तुती दी गई एवं फ्लैग होस्टिंग की गई। समारोह की शुरूआत डॉक्टर स्वामी व संचालक स्वामी सहित प्रधानाचार्य सत्यनारायण और कॉलेज प्राचार्य डॉक्टर संजय व्यास ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। छात्र छात्राओं ने गणेश वंदना प्रस्तुत की और स्वागत भाषण एकेडमिक हेड सुभाषचंद्र मिश्रा ने दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक सांवरमल शर्मा तथा कोरियोग्राफर जयश्री मोदी के संयोजन में विद्यार्थियों ने एक से बढ़ कर एक प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम का संचालन राज सर के निर्देशन में भारती निकेतन के कक्षा 12 वीं के विद्यार्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी में किया। समारोह में बोर्ड परीक्षाओं सहित अपनी कक्षा में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले, 90 प्रतिशत से ऊपर नबंर हासिल करने वाले, खेल और एनसीसी में विशेष प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में बिग्गा सरपंच जसवीर सारण तथा ठुकरियासर सरपंच अमराराम सहित अनेक मौजिज नागरिक शामिल हुए। स्कूल के स्टाफ ने समारोह के दौरान कार्यक्रम की व्यवस्थाएं संभाली।




