






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अगस्त 2024। विद्यार्थी देश का भविष्य है और विद्यार्थी वर्ग स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा किए गए आजादी के संघर्ष का महत्व समझे, उनके त्याग बलिदान का सम्मान करें और देश प्रेम की भावना से जुडे। विद्यार्थी वर्ग देश के प्रति श्रेष्ठ नागरिक बनने की जिम्मेदारी को अपनाए। ये प्रेरणा विश्वकर्मा कौशल बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने एजी मिशन इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के समारोह में दी। समारोह में सुथार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यहां विद्यालय के चेयरमैन एजी खोखर ने तिरंगा फहराया। खोखर ने विद्यार्थियों को शिक्षा व खेल के क्षेत्र में ईमानदारी से श्रम करते हुए परिवार का नाम रोशन करने की बात कही। समारोह में स्वागत भाषण प्रधानाचार्य डॉ रजनीश कौशिक ने दिया। कौशिक तथा विद्यालय संरक्षक उदाराम चौधरी ने सभी अतिथियों का स्वागत सम्मान किया। समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति और राजस्थानी गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम का संचालन कनिष्का बाहेती, तमन्ना राठी, प्रियांशी धनवानी औऱ मंशिका बाहेती ने किया। समारोह में विद्यालय के सभी विद्यार्थी व अभिभावकों सहित अनेक नागरिक शामिल हुए। विद्यालय की वाईस प्रिंसिपल सुनीता कौशिक ने सभी अतिथियों का आभार जताया। स्कूल के स्टाफ ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग दिया।




