May 21, 2026
WhatsApp Image 2024-08-25 at 18.48.30

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 अगस्त 2024। क्षेत्र के एक गांव में एक युवती से लगातार चार वर्ष से दुष्कर्म का शिकार होने का मामला सामने आया है। वर्ष 2020 में दादी के बीमार होने पर माता पिता उन्हें लेकर बीकानेर गए और पीछे से गांव के ही युवक ने घर में घुसकर नाबालिग युवती से दुष्कर्म किया। उसका वीडियो बनाया व फोटो लिए। किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। युवती चुप रही और आरोपी का हौसला इतना बढ़ गया कि गत चार वर्षों में जब भी युवती के परिजन घर से बाहर जाते तो युवक उसके घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म करता। परेशान पीड़िता ने आत्महत्या के बारे में भी सोचा परंतु उसने परिजनों के हिम्मत देने पर थाने पहुंच कर युवक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक ने उसकी माँ के गहने मंगवाए व नहीं देने पर उसे व उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी। युवती ने डर के मारे उसे माँ की सोने की आड, गलसरी, टेवटा, हमैल, चांदी की तागड़ी भी लाकर दे दी। युवती ने बताया कि वह लगातार युवक से उसका पीछा छोड़ देने की गुहार लगाती रही परंतु आरोपी नहीं माना। युवक ने उसे फिर से रात को 12.30 बजे घर के पास स्थित युवती के ताऊ के बाड़े में बुलाया। यहां वह जबरन दुष्कर्म करने लगा तो युवती के परिजन जाग गए व आरोपी को पकड़ लिया। युवती ने पुलिस से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पॉक्सो सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।