






खेलकूद प्रतियोगिता में गैर सरकारी स्कूलों को शामिल करने की मांग, सेवा की बैठक संपन्न।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। निजी स्कूलों के सेवा संगठन की जिला कार्यकारिणी की बैठक रविवार को संपन्न हुई। बैठक प्रदेशाध्यक्ष कोडराम भादू के सान्निध्य में जिलाध्यक्ष छगन सुथार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक की जानकारी देते हुए संगठन के मीडिया प्रभारी शैलेश भादानी ने बताया कि बैठक में आरटीई से संबंधित बकाया भुगतान, महिला इंदिरा शक्ति निधि का बकाया भुगतान, अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को दिए जाने वाली बंद पडी छात्रवृत्ति, राजश्री योजना गैर सरकारी स्कूलों में लागू करने, शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 68वीं स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता में गैर सरकारी स्कूलों के निर्णायक व चयनकर्ता को शामिल करने, पांचवी कक्षा के बोर्ड परीक्षा में गैर सरकारी विद्यालय पढ़ने वाले विद्यार्थियों से शुल्क नहीं लिए जाने, जिला समान परीक्षा योजना में कक्षा 10 व 12 में परीक्षा संचल समिति द्वारा केवल अर्धवार्षिक परीक्षा में ही पेपर दिए जाते हैं। वार्षिक परीक्षा का पेपर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा दिए जाते हैं तथा वहां अलग से फीस देनी पड़ती है। इसलिए आधा शुल्क लिए जाने, एसएफसी की रिपोर्ट अपलोड करने की तिथि बढ़ाई जाने आदि मुद्दों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए, इस संबंध में निदेशक माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा को ज्ञापन दिया गया। बैठक में कालूराम गोदारा, बद्रीनारायण गर्ग, सद्दाम हुसैन, पेमाराम कंकराला, बजरंग कस्वां फिरोज आदि ने विचार व्यक्त किए।

दिनेशचन्द अध्यक्ष व ओ.पी. शर्मा मंत्री चुने गए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। खादी ग्रामोद्योग विकास समिति श्रीडूंगरगढ़ के संचालक मंडल का 2024 – 25 का निर्वाचन खादी समिति कार्यालय में रविवार को संपन्न हुआ। नए मंडल में अध्यक्ष पद पर रिटायर्ड आईएएस दिनेशचन्द जैन, मंत्री पद पर ओमप्रकाश शर्मा, उपाध्यक्ष जैसाराम मेघवाल व सहमंत्री मांगीलाल मेघवाल को चुना गया। वहीं संचालक मंडल के सदस्य के रुप में साहित्यकार श्याम महर्षि, रिछपाल किरोड़ीवाल झुंझुनू, कमल किशोर शर्मा कोटा, कमल नयन महेंद्रा श्रीगंगानगर, राजस्थान खादी ग्रामोद्योग संस्था संघ जयपुर के मंत्री अनिल कुमार शर्मा, रामकिशोर लाम्बा, आलमसिंह नेगी नोखा उपस्थित रहें। नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिनेशचन्द जैन ने खादी ग्रामोद्योग विकास समिति श्रीडूंगरगढ़ द्वारा आमजन को उच्च गुणवत्ता की वस्तुएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध बताया। संस्था के मंत्री ओपी शर्मा ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जिसका सर्व सम्मति से अनुमोदन किया गया।

चिकित्सा सेवा शिविर में 115 रोगी हुए लाभान्वित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा कार्यों के अंतगर्त मोमासर बास में वाल्मीकि बस्ती स्थित अम्बेडकर भवन में नेशनल मेडिकल ऑर्गेनाइजेशन, बीकानेर के सदस्य डाक्टरों की टीम और मोमासर बास शाखा के संयुक्त तत्वावधान में चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। रविवार को आयोजित इस शिविर में सुबह 6 बजे से चिकित्सा लाभ व परामर्श के लिए बस्ती के लोगों की भीड़ रही। विभिन्न प्रकार के रोगों की चिकित्सा परामर्श विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा दी गई। शिविर में 115 रोगी लाभान्वित हुए और शिविर व्यवस्था में मोमासरबास शाखा के स्वयं सेवकों का सहयोग रहा।

गणेश मंदिर में पंडित हेमराज ने सुनाई ऊभ छठ की कथा, महिलाएं हुई शामिल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शनिवार को महिलाओं व युवतियों ने ऊभ छठ का पर्व मनाया। महिलाओं ने व्रत रखा व सूर्यास्त के बाद चंद्र दर्शन तक खड़े रहने का प्रण पूरा किया। चंद्र दर्शन के बाद महिलाओं ने व्रत खोला। इस दौरान बिग्गाबास स्थित गणेश मंदिर में चंदन सृष्टि ऊभ छठ की कथा कहानी का आयोजन हुआ। पंडित हेमराज पालीवाल ने व्रत की पूरी कथा सुनाते हुए कथा का महत्व समझाया। यहां बड़ी संख्या में महिलाएं कथा आयोजन में शामिल हुई। वहीं अन्य मंदिरों में भी देर रात तक खासी रौनक रही।




