






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 अगस्त 2024। महाप्रज्ञ जनकल्याण केन्द्र (तेरापंथ भवन उपरलो) द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों की श्रृंखला में एक कार्य है शिक्षा प्रोत्साहन योजना। इस योजना के तहत वर्ष 2024-2025 के शिक्षा सत्र के लिए 8 विभिन्न विद्यालयों में पढ़ने वाले जरूरतमंद परिवारों के 65 बच्चों की फीस छात्रवृति के रूप में इस वर्ष भरी गई है। सोमवार को एक समारोहपूर्वक इन विद्यालयों के संचालकों को केन्द्र द्वारा अलग अलग राशी के चैक प्रदान किए गए। केन्द्र के मंत्री पन्नालाल पुगलिया ने बताया कि संस्था द्वारा प्रतिवर्ष जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को छात्रवृति प्रदान की जाती है एवं इस वर्ष 65 बच्चों का चयन किया गया व उनकी 6 लाख रुपए की फीस स्कूलों को प्रदान की गई है। ताकी फीस के अभाव में उन बच्चों की शिक्षा बाधित ना हो। सोमवार को हुए समारोह में केन्द्र के कोषाध्यक्ष फुसराज पुगलिया, योजना के प्रभारी भंवरलाल दुग्गड़ व विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षक उपस्थित रहे। विदित रहे कि केन्द्र द्वारा गत नौ वर्षों से जरूरतमंद परिवारों को प्रतिमाह संपोषण राशी प्रदान योजना व समय समय पर विभिन्न चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए जाते है एवं आयुर्वेद चिकित्सालय का संचालन भी सतत किया जा रहा है।




