






सेनजी मंदिर में सेन समाज ने मनाया कृष्ण जन्मोत्सव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आड़सर बास स्थित सेनजी मंदिर में सेन समाज द्वारा सोमवार को कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। मंदिर में सजावट की गई व केक काटकर बधाइयां बांटी गई। यहां भजन संध्या के साथ महाप्रसाद का कार्यक्रम रखा गया। मंदिर समिति ने मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का सम्मान किया। कार्यक्रम में सेन समाज के अध्यक्ष मनोज कुमार नाई सहित शिवरतन फूलभाटी, सुशील टाक, प्रकाश गहलोत, आशीष जाड़ीवाल, द्वारका प्रसाद जैसलसर, सीताराम फूलभाटी, कमल चौहान, बनवारी पंवार, छगन गहलोत, प्रकाश सिंहराजभाटी, संदीप फूलभाटी, जगदीश धांधल, लालचंद झींझभाटी, कोजुराम गहलोत, राकेश गहलोत, गोविन्द चौहान, सुभाष गौड़, कपिल गहलोत, गोपाल फूलभाटी, करण जाड़ीवाल ने आगंतुकों का स्वागत किया। अध्यक्ष नाई ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि समाज बंधुओं के सहयोग व सान्निध्य में मंदिर विकास कार्यों को गति देकर मंदिर का भव्य निर्माण पूर्ण करवाया जाएगा।

पूनरासर से रुणिचा धाम के लिए रामदेव सुखी संघ रवाना होगा 1 सितबंर को, तैयारियां प्रारंभ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भादवा माह में क्षेत्र के अनेक गांवो से लोकदेवता बाबा रामदेव के दर्शन के लिए अपनी मन्नोतियां लिए बड़ी संख्या में पैदल यात्री संघ रवाना होंगे। गांव पूनरासर से बड़ी संख्या में पैदल यात्री रामदेव सुखी संघ के साथ आगामी 1 सितंबर 2024 को रवाना होंगे। संघ गांव के बाबा रामदेव मंदिर से शाम 4:15 बजे महाआरती के बाद धूमधाम से रवाना होगा। समिति सदस्यों ने तिथि की घोषणा करते हुए ग्रामीण श्रद्धालुओं से संघ में पैदल जाकर बाबा के धोक लगाने का आग्रह किया है। समिति सदस्यों ने तैयारियों संबंधी जिम्मेदारियां ली और तैयारियां प्रारंभ कर दी है।
9 सितबंर को खाटू धाम रवाना होगा पैदल यात्री संघ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्री श्याम प्रेमी पैदल यात्री संघ के बैनर तले श्याम भक्त आगामी 9 सितबंर को दोपहर सवा तीन बजे पैदल खाटू धाम के लिए रवाना होंगे। संघ श्याम मंदिर में विशेष पूजा आरती के बाद बाबा के दर्शन करके गाजे बाजे के साथ रवाना होगा। समिति के सत्यनारायण सोनी ने बताया कि संघ समिति के सभी सदस्य उत्साह के साथ तैयारियों में जुट गए है।



