






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 अगस्त 2024। गांव सूडसर में लगे अवाडा कम्पनी के सौलर प्रोजेक्टर में क्षे़त्र के किसानों के साथ धोखाधडी कर उनकी जमीनें अधिगृहण कर ली गई है एवं स्थानीय किसानों, ग्रामीणों को रोजगार का किया गया वायदा भी अब कम्पनी तोड़ रही है। ऐसे में किसान व ग्रामीण सौलर प्रोजेक्ट के खिलाफ लामबंद हो गए है व उग्र आंदोलन की तैयारी कर रहे है। किसानों ने इस संबध में कम्पनी पर कई आरोप लगाते हुए तहसीलदार के माध्यम से उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन दिया है एवं मांगें पूरी नहीं करने पर आगामी 2 सितम्बर से सौलर प्लांट पर धरना लगाने की चेतावनी दी गई है। किसानों ने किसान राहत संघर्ष समिति के बैनर तले अपना आंदोलन शुरू किया है एवं जिला परिषद सदस्य श्रीराम भादू, सूडसर सरपंच ममता सहित रामलाल, गोपालराम, चंपालाल, गिरधारीलाल आदि ने ज्ञापन में कम्पनी द्वारा किसानों के साथ किए गए वायदों को पूरा करवाने, पूर्व में प्रशासन की मध्यस्थता से हुए समझौतों को लागू करवाने, किसानों को धोखे में रख कर जमीन की अधिगृहण के बजाए लीज पर दिलवाने, सभी छह प्रकार के कार्य आपरेटर, कारीगर, कुशल व अकुशल कामगार, विभिन्न मशीनरी आदि गांव के ही लगाने, जिन किसानों से जमीन ली गई उनके परिवार के एक सदस्य को स्थाई नौकरी देने आदि मांगें की है। किसानों ने प्रोजेक्ट के नाम पर काटे गए सैंकडों खेजडी के पेडों के मामले में जांच कर दोषियों को सजा दिलवाने, बाकी बचे पेडों को काटने नहीं देने की मांग भी की है। विदित रहे कि यह सौलर प्रोजेक्ट लंबे समय से विवादों में घिरा है एवं इस संबध में किसानों द्वारा कम्पनी पर एवं कम्पनी द्वारा किसानों पर अलग अलग आपराधिक मामले भी दर्ज करवाए जा चुके है।




