May 20, 2026
000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 सितंबर 2024। एक पिता ने खेत पर कब्जाधारी अपने छोटे पुत्र के नाम खेत गिफ्ट डीड कर दी जिससे नाराज अन्य पुत्र पौत्र झगड़ा व मारपीट पर उतारू हो गए। पीड़ित छोटे पुत्र ने थाने पहुंच कर पिता को धक्का देने, भतीजे के साथ मारपीट करने, छान तोड़ने व जान से मारने की धमकियां देने का आरोप लगाते हुए बड़े भाई व भतीजों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। सेरूणा थाना क्षेत्र के गांव झंझेऊ निवासी लक्ष्मणसिंह पुत्र कानसिंह राजपूत ने बड़े भाई भगवानसिंह व उसके बेटे भागेसिंह, सत्तुसिंह, दुल्लसिंह सहित सुरेंद्र सिंह व सवाईसिंह पुत्र जुगलसिंह के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने खेत के चारों और तार पट्टी कर रखी है और खेत में छान बनाकर तारबंदी का गेट लगा रखा है। खेत में ग्वार व मोठ की फसल खड़ी है और 1 सितंबर 2024 की शाम 6 बजे आरोपी हाथों में लाठियां व कुल्हाड़ी लेकर आए व उसके खेत के दरवाजे को तोड़ दिया। परिवादी के पिता कानसिंह व उसके पुत्र नरेन्द्रसिंह ने मना किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। पिता को तारबंदी, छान तोडकर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी। पुत्र ने परिवादी को सूचना दी तो वह सोमवार को गांव पहुंच गया। मंगलवार सुबह 5 बजे आरोपी पुन: उसके खेत में घुसे व छान को तोड़ डाला, सीमा पर लगे पट्टी के टूकड़े उखाड़ दिए। तीन पट्टी के टूकड़े जो सीमा पर लगे थे उखाड़ कर अपने घर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल आवड़दान को दी है।