






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 सितंबर 2024। जिले भर में बुधवार का दिन चोरों के नाम रहा। विभिन्न थानों में आधा दर्जन चोरी की वारदातों के मामले दर्ज हुए है। वहीं पांच युवकों को पुलिस ने बीकानेर में किसी पेट्रोल पंप पर डकैती की योजना बनाते हुए गिरफ्तार कर लिए। लापरवाही से वाहन चलाकर मोटरसाइकिल को टक्कर मारने से दो युवकों की मौत हो गई व एक अन्य मामले में एक घायल हो गया। वहीं ट्रेक्टर खरीदने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आप भी क्राइम फाइल में पढें जिले भर से अपराध खबरें और रहें सतर्क व सचेत।
बाबा के दर्शन करने गए दंपती, पीछे से चोरों ने घर से गहने नगदी किए साफ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कोतवाली थाना क्षेत्र में छबीली घाटी निवासी मोहनसिंह पंवार पुत्र मातवरसिंह पंवार ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि वह टेक्सी चलाता है और बुधवार को अपनी पत्नी के साथ सुजानदेसर बाबा रामदेव के दर्शन करने गया था। दोपहर तीन बजे घर पहुंचा और ताला खोला तो देखा पीछे वाले कमरे की लाईट जल रही थी। अलमारी के कपड़े बाहर फैंके हुए थे और आलमारी के लॉकर का ताला तोड़ा हुआ था। चोरों ने लॉकर में रखी चार चूड़ी सोने की, एक गलपटिया सोने का, सोने के दो कड़े, कान की एक जोड़ी सोने के कान के, सोने की अंगूठी, पायल की जोड़ी, एक गोलिया सोने का, करीब पांच हजार रूपए नगद चोरी कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई राकेश को दी है।
साढ़े छह लाख पर किया हाथ साफ, पीड़ित ने करवाया मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नयाशहर थाना क्षेत्र में नाहरा मोहल्ला निवासी भीमराज गांधी पुत्र दिवंगत गतमल लाल गांधी ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि कोठारी अस्पताल के पीछे वैद्य मघाराम कॉलोनी से 3 सितंबर रात करीब 1 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने साढ़े छह लाख रूपए की चोरी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई राकेश गोदारा को दी है।
मकान के ताले तोड़कर घर में घुसे चोरों ने गहने नगदी चुराए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नाल थाने में राजपाल पुत्र बजरंगलाल जाट निवासी मुरलीधर व्यास कॉलोनी ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 23 अगस्त से 1 सितंबर के बीच अज्ञात चोरों ने उसके मकान का ताला तोड़कर सोने चांदी के गहने सहित नगदी रूपए चोरी कर लिए।
चोरों ने घर के ताले तोड़कर गहने व हजारों रूपए चुराए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नोखा थाने में फारूख मोहम्मद पुत्र सफी मोहम्मद निवासी चुना भट्टा अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 1 सितंबर की रात डेढ़ बजे के करीब चोरों ने उसके घर के ताले तोड़कर सोने चांदी के जेवरात व 50 हजार रूपए नगदी चोरी कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई राजूराम को जांच दी है।
मेले के बाहर खड़ी बाइक ले उड़े चोर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सदर थाने में मनोज विश्नोई पुत्र बुधराम विश्नोई निवासी भगवारपुरा बस्ती ने अज्ञात चोर के खिलाफ बाइक चोरी का मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 1 सितंबर को उसने सादुल क्लब के पास आयोजित मेले में गया। रात साढ़े आठ बजे उसने बाइक मेले के बाहर खड़ी की और रात दस बजे लौट कर आया तो बाइक अपने स्थान पर नहीं थी। कोई अज्ञात चोर बाइक चोरी कर ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई मोनिका को सौंप दी है।
अस्पताल के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नयाशहर थाना क्षेत्र में रानीसर बास निवासी रहमत अली पुत्र गुलाम मोहम्मद ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसने 3 सितंबर की रात कोठारी अस्पताल के बाहर अपनी मोटरसाइकिल खड़ी थी जिसे रात करीब 3 बजे अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। पुलिस ने मामले की जांच हैड कास्टेबल रामस्वरूप को दी है।
पेट्रोल पंप पर डकैती की योजना बनाते पांच युवकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सदर थाने के कार्यवाहक थानाधिकारी जीतराम ने बीकानेर शहर में पेट्रोल पंप पर डकैती की योजना बनाते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया। जीतराम ने ही मामला दर्ज करवाते हुए बताया कि 28 वर्षीय कार्तिक जाखड़ पुत्र राजेंद्र जाखड़ निवासी केएलएम रावला मंडी, 20 वर्षीय लक्ष्मण चौधरी पुत्र सुखदेव जाट निवासी सूर्य नगर, हनुमानगढ़, 24 वर्षीय निशांत कुमार पुत्र रामेश्वरलाल जाट निवासी करणपुर, 28 वर्षीय मनीष पुत्र दिलीप विश्नोई निवासी 5 केडी रावला, 28 वर्षीय अमन सांई पुत्र प्रेमराज जाट निवासी श्रीगंगानगर को बीएसएनएल ऑफिस के पास से मंगलवार रात करीब सवा नौ बजे गिरफ्तार किया। कार्यवाहक थानाधिकारी जीतराम ने बताया कि पांचों आरोपी बीकानेर शहर में किसी पेट्रोल पंप पर डकैती करने की योजना बना रहें थे। उनके कब्जे से पुलिस ने पिस्टल, चाकू, लट्ठ, मिर्ची पाउडर बरामद किया। पांचो को हवालात में बंद किया गया व बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने विभिन्न आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज कर जांच एसआई जयवीरसिंह को दी है।
ट्रेक्टर खरीदने का झांसा देकर हड़प लिए लाखों रूपए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नोखा थाने में मांगीलाल पुत्र धुड़ाराम जाट निवासी अखासर ने अनुपगढ़ श्रवणराम नायक, रामलाल, राकेश, रासीसर ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे झांसा देकर उसके नाम ट्रेक्टर खरीदने की बात कहकर उससे सात लाख रूपए लेकर हड़प लिए। परिवादी द्वारा ट्रेक्टर मांगने पर रूपए व ट्रेक्टर लौटाने से मना कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच थानाधिकारी हंसराज लूणा को दी है।
नहीं चुक रहा उधार, देने वाले ने की लेने वाले के साथ छीना झपटी, मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नयाशहर थाना क्षेत्र में उस्ता बारी निवासी महावीर प्रसाद पुत्र सुदंरलाल स्वामी ने रामदेवजी मंदिर के पास रहने वाले नवरतन सांखला के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसने नवरतन से डेढ़ लाख रूपए उधार लिए थे। आरोपी ने उससे इसके ऐवज में अवैध रूप से करीब 6 लाख रूपए वसूल कर लिए और अभी भी साढ़े तेरह लाख रूपए ओर मांगता है। 12 अगस्त की शाम करीब साढें सात बजे आरोपी ने उसे स्कूटी से जाते हुए रोक लिया और जबरदस्ती नीचे उतारकर रूपए देने की बात कहते हुए गाली गलौच करने लगा। उसने शराब के लिए रूपए मांगे और नहीं देने पर एक हजार रूपए छीन लिए व स्कूटी छीनकर ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल रणवीरसिंह को सौंप दी है।
अचानक खोल दिया वैन का दरवाजा, टकराई मोटरसाइकिल, एक घायल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सदर थाना क्षेत्र के चक असरासर, अर्जुनसर निवासी गोपालसिंह पुत्र जीवनसिंह सोलंकी ने एक वैन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब सवा दस बजे व न्यायालय की सड़क के पास पहंचे तो सड़क पर खड़ी वैन के ड्राइवर ने उनको देखकर जानबूझकर लापरवाही पूर्वक वैन का दरवाजा खोल दिया। वैन का दरवाजा खुलने के कारण वैन दरवाजा से टकरा गई। इस टक्कर से एडवोकेट योगेन्द्रसिंह गंभीर घायल हो गया जिनका पीबीएम के ट्रोमा सेंटर में उपचार चल रहा है। आरोपी ने गाली गलौच करते हुए हाथापाई की। पुलिस मामला दर्ज कर जांच एएसआई जगदीश प्रसाद को सौंप दी है।
लापरवाही से चलाई बोलेरो, मारी टक्कर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नोखा थाने में मनोज पुत्र कानाराम नायक ने एक बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने बताया कि बोलेरो गाड़ी चालक ने तेज गति व लापरवाही से चलाकर परिवादी की मोटरसाईकिल के टक्कर मारी जिससे परिवादी के बाबा के लड़के के काफी गंभीर चोटें आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई ओमप्रकाश को दी है।
ट्रक की टक्कर से दो बाइक सवार की मौत, मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कोलायत थाने में घड़साना निवासी कालूराम पुत्र फुलाराम धानका ने एक ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 3 सितंबर की शाम गडियाला फांटा पर ट्रक चालक ने लापरवाही व तेज गति से ट्रक चलाकर उसके भतीजे राजपाल की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिससे उसके भतीजे राजपाल उर्फ संदीप व सत्यनारायण उर्फ अनिल की मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल दौलतराम को सौंप दी है।



