






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 सितंबर 2024। गुरूवार को प्राय: सभी स्कूलों में शिक्षक दिवस के कार्यक्रम मनाए गए। बच्चों ने शिक्षकों का सम्मान किया व उन्हें कार्ड, केक, मिठाई व तोहफे देकर सम्मानित किया। बच्चों ने गुब्बारों से सजावटें की और स्कूल प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षक सम्मान की प्रेरणा दी और बच्चों को जीवन में गुरू का महत्व बताया। क्षेत्र में अनेक आयोजनों की खबर पढें एकसाथ और देखें सभी फोटो।
ब्राइट फ्यूचर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में उत्साह के साथ मनाया शिक्षक दिवस।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के आडसर बास में स्थित ब्राइट फ्यूचर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गुरूवार को शिक्षक दिवस के पर्व पर कक्षा 12 के छात्र एवं छात्राओं ने विशेष तैयारियां की। विद्यार्थियों ने गुरुजनों के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। गुब्बारों से कक्ष को सजाया गया व केक काटकर शिक्षकों को शुभकामनाएं दी गई। जिसमें विद्यालय की प्रधानाचार्या पार्वती शर्मा द्वारा जीवन में शिक्षक का महत्व विषय पर बच्चों का मार्गदर्शन किया गया। छात्राओं द्वारा भी विभिन्न प्रकार के खेल एवं नृत्य के माध्यम से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सभी शिक्षकों का सम्मान किया गया।

संस्कार इनोवेटिव स्कूल में उत्साह पूर्वक मनाया शिक्षक दिवस।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के संस्कार इनोवेटिव स्कूल में धूमधाम से शिक्षक दिवस मनाया। स्कूल प्रांगण को बच्चों गुब्बारों से सजाया। स्कूल के वरिष्ठ शिक्षकों का सम्मान किया गया। शिक्षकों को उपहार दिए गए। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। विद्यालय संचालक मनोज गुसाई ने सभी बच्चों का आभार जताया व प्रधानाचार्य ललिता गुसाई ने सभी का स्वागत किया।

शिक्षक दिवस पर डा.मदन सैनी का सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरूवार को सरस्वती उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्रों ने शिक्षक दिवस का समारोह उत्साह पूर्वक मनाया। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. मदन सैनी ने दिवंगत मदनलाल चूरा को याद किया व उन्हें एक आदर्श शिक्षक बताया। इस दौरान कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुरेन्द्र चूरा ने डॉ मदन सैनी का सम्मान करते हुए बालकों को नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन करने की प्रेरणा दी। चूरा ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। छात्र परमेश्वर सुथार ने अपने अध्यापकों को उनके पेंसिल स्केच बनाकर भेंट किए। विद्यालय के छात्रों ने सभी अध्यापकों को उपहार देकर शिक्षकों के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। कार्यक्रम का संयोजन कक्षा 9 की छात्रा कुंजल ने किया।

कन्या महाविद्यालय में छात्राओं ने उत्साह के साथ मनाया शिक्षक दिवस।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजकीय सदुदेवी कन्या महाविद्यालय में छात्राओं ने उत्साह के साथ शिक्षक दिवस मनाया। सभी छात्राओं ने शिक्षकों का सम्मान किया व केक कटवा कर बधाई दी। छात्राओं ने शिक्षकों को अनेक खेल खिलवाए और जमकर आंनद लिया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व के बारे में बताया। इस दौरान डॉ आनंद पुरोहित, डॉ सीमा खड़गावत, डॉ चित्रा आचार्य, डॉ प्रभा शेखावत सहित अनेक स्टाफ के सदस्य मौजूद रहें।

रीड़ी के महात्मा गांधी स्कूल में मनाया शिक्षक दिवस।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महात्मा गांधी गवर्मेंट स्कूल, रीड़ी में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। समारोह की अध्यक्ष प्राचार्य मक्खनलाल मीणा ने की और ब्लॉक स्तर पर सम्मानित शंकरलाल जाट का स्कूल में साफा व फुलमाला पहना कर सम्मान किया गया। इस दौरान प्राचार्य की अगुवाई में पूरे स्टाफ का सम्मान किया गया। वरिष्ठ अध्यापक वनिता शर्मा ने विद्यार्थियों को जीवन पथ पर गुरू को मार्गदर्शक बताते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। समारोह का संचालन अंकित भाटी ने किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। विद्यार्थियों को फलों का वितरण किया गया।

श्रीडूंगरगढ़ में महात्मा गांधी स्कूल में मनाया शिक्षक दिवस।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कन्हैयालाल सिखवाल महात्मा गांधी स्कूल में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य विमला गुर्जर ने जीवन में शिक्षक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों का सम्मान करने की प्रेरणा दी। बच्चों ने शिक्षक दिवस पर खूब कार्ड सजाए व अपने पसंददीदा शिक्षकों को दिए। विद्यार्थियों ने कविताएं व गीत, नृत्य की प्रस्तुतियां दी। शिक्षकों ने बच्चों टॉफियों का वितरण किया।

सूर्या पब्लिक स्कूल में मनाया शिक्षक दिवस।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सूर्या पब्लिक स्कूल में डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की स्मृति में केक काटकर शिक्षक दिवस मनाया गया। संस्था प्रधान मूलचंद स्वामी ने डॉ राधाकृष्णन के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों को अपनाने की बात कही। विद्यार्थियों ने सभी शिक्षकों का सम्मान किया व अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।






