May 21, 2026
WhatsApp Image 2024-09-05 at 20.19.50

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 सितंबर 2024। क्षेत्र के किसान अपने आंदोलन के बूते अपने अधिकारों की रक्षा कर रहे है एवं क्षेत्र में सफल हुए किसान आंदोलनों के क्रम में जाखासर में निर्माणाधीन 132 केवी जीएसएस पर चल रहा किसानों का धरना भी जुड गया है। गुरूवार को धरने के 65 दिन पूर्ण हुए एवं इस आंदोलन की मुख्य मांग लंबे समय से अधुरे पड़े 132 केवी जीएसएस के निर्माण में गति लाना था एवं किसानों के आंदोलन के बाद यह मांग पूर्ण भी हुई है। गुरूवार को विद्युत प्रसारण निगम के एससी भीखाराम, एईएन राजेश शर्मा, जेईएन अमित भाटिया, निर्माण में जुटी कम्पनी अशोका बिल्डकान के अधिकारी पंकज कुमार आदि ने किसानों से वार्ता की एवं धरने के बाद कार्य में लाई गई गति की प्रोग्रेस भी बताई। अधिकारियों ने कार्य में और गति लाने एवं आगामी 25 सितम्बर तक पूर्णतया जीएसएस शुरू कर देने का वायदा किया गया व धरना समाप्त करने का आग्रह किया। इस पर किसानों ने कार्य पूर्ण करने की गति पर संतोष जाहिर करते हुए कार्य पूर्ण होता देख 65 दिनों के बाद अपना धरना समाप्त कर दिया। किसानों ने धरना समाप्ति पर आगामी 25 सितम्बर तक जीएसएस शुरू नहीं होने पर पुन: उग्र आंदोलन की चेतावनी भी विद्युत निगम एवं कम्पनी के अधिकारियों को दी है। भारतीय किसान संघ के तोलाराम जाखड़ ने इस मौके पर गत 65 दिनों तक अपनी खेती बाड़ी का काम छोड़कर धरने पर बैठने वाले किसानों का आभार जताया एवं सम्पूर्ण क्षेत्र के किसानों को उनके संघर्ष का लाभ मिलने की बात कही। इस दौरान सुरजा राम सियाग, जाखासर सरपंच प्रतिनिधि मल्ला राम सारण, पूर्व सरपंच गुलाब सिंह, समुंद्र राम सियाग, चेतन राम सुथार, रेवंत राम, कालूराम मेघवाल, कालूराम सिहाग, मनफूल, रामरतन, हरचंदराम, नारायणराम, पेमाराम सियाग, भागुराम रेवाड़, मानकचंद, कुनाराम सियाग, ओमप्रकाश नाई, आशु राम नाई आदि मौजूद रहे
आंदोलन नहीं होता तो लग जाते कई बरस।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र में किसानों के कृषि कुंओं पर कमजोर वोल्टेज ही सबसे बड़ी समस्या है एवं इस समस्या के समाधान के प्रयास में ही वर्ष 2021 में जाखासर में 132केवी जीएसएस स्वीकृत किया गया था। इस आंदोलन की अगुवाई कर रहे भारतीय किसान संघ के तोलाराम जाखड़ ने बताया कि यह जीएसएस अप्रैल 2021 में स्वीकृत हुआ था निर्माण भी तभी शुरू हो गया था। लेकिन निर्माण में अत्यंत धीमी गति के कारण इस क्षेत्र के किसानों को बिजली की समस्याएं झेलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था। ऐसे में किसानों ने वर्ष 2022, 2023 व 24 तक कम्पनी द्वारा कार्य में गति लाने का इंतजार किया गया। लेकिन कम्पनी द्वारा कार्य पूर्ण करने में गति नहीं लाने पर किसानों ने आंदोलन का रूख किया था। इसके बाद कम्पनी के अधिकारियों, विद्युत प्रसारण निगम के अधिकारी हरकत में आए एवं कार्य को गति मिली है। अब चल रहे काम के अनुसार आगामी 25 सितम्बर तक कार्य पूर्ण होकर जीएसएस शुरू हो जाएगा। धरना नहीं होता तो यह कार्य पूर्ण होने में अभी भी कई वर्ष लगा दिए जाते।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरूवार को धरने पर पहुंचें निगम अधिकारी, किसानों से धरना समाप्ति का आग्रह।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। निर्माण कार्य की गति का अवलोकन किसानों को करवाया अधिकारियों ने।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अब हो पाएगा 25 सितम्बर तक जीएसएस पूर्ण।