






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 सितंबर 2020। श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र विकास की अपार संभावनाओं के बावजूद विकास से अछूता है और रीको इंडस्ट्रियल एरिया को विकसित कर यहां से विकास की गंगा निकालने हेतु भागीरथ बनने की मांग उद्योग मंत्री परसादी लाल मीणा से यूथ कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष हरिराम बाना ने की है। बाना ने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए उन्हें यहां की व्यावसायिक सम्भावनाओं के बारे में विस्तार से बताया। बाना ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ जयपुर व दिल्ली मार्ग पर स्थित है और यहां की कृषि मंडी पूरे राजस्थान में तीसरा स्थान रखती है। उत्साही युवा इंडस्ट्री लगाने हेतु तैयार है और घुमचक्कर से रेलवे स्टेशन की और 700 बीघा भूमि वन विभाग की उपलब्धता है। कच्चे रॉ मैटेरियल की भरमार है और कृषि आधारित कम्पनियों के लिए असीम संभावनाएं है। बाना ने मीणा से कहा की सरकार के लिए युवाओं को मौका देने का सुअवसर है और विकास की दृष्टि से ये क्षेत्र लम्बे समय से अछूता रहा है अब क्षेत्र में विकास की मांग लगातार उठने लगी है। श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र को अब नजरअंदाज नहीं कर सरकार को यहां विकास के लिए पहल करनी होगी। मंत्री ने बाना को आश्वासन दिया कि वे श्रीडूंगरगढ़ में रीको सम्भावनाओं को देख कर इस दिशा में कार्य करेंगे।




