






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आज 6 सितम्बर की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की 5 खास खबरें एक सा, देखें सभी के फोटो भी।
सम्पर्क अभियान जोरों पर, डोटासरा को सीधा सुनने का उत्साह।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा अपनी अनुठी भाषण शैली के कारण इन दिनों सोशल मीडिया पर खासे लोकप्रिय एवं वायरल हो रहे है। ऐसे में अभी तक अपने मोबाईल में ही डोटासरा को सुनने वाले क्षेत्र के कांग्रेसी जन आगामी 15 सितम्बर को डोटासरा को अपने सामने सुनने के लिए उत्साहित है। विदित रहे कि 15 सितम्बर को ग्राम पंचायत रीड़ी द्वारा खेल मैदान उदघाटन एवं किसान महासम्मेलन में भाग लेने डोटासरा सहित कांग्रेस के कई दिग्गज पहुंचेगें। इस कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष एवं रीडी सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़ ने बताया कि कार्यक्रम के लिए गांव-गांव घूम कर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, पार्टी सर्मथकों एवं विचारधारा से जुड़े आमजन को निमंत्रित किया जा रहा है। शुक्रवार को कार्यकर्ताओं की टोली ने क्षेत्र के गांव कुनपालसर, जाखासर नया, जाखासर पुराना, बरजांगसर, सोनियासर मिठिया, सोनियासर शिवदानसिंह, सोनियासर गोदारान, बापेऊ, राजेड़ू, कल्याणसर नया, कल्याणसर पुराना आदि में पहुंच कर कार्यक्रम के पेम्पलेट बांटे एवं निमंत्रण दिए।

बीकानेर में कल से हाईवे बंद, पूनरासर पहुंचा प्रशासन, लिया तैयारियों का जायजा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिले का सबसे बड़ा मेला पूनरासर हनुमानजी का भादवा मेला आठ सितम्बर से 10 सितम्बर तक आयोजित होगा। मेले में जुटने वाले लाखों श्रृद्धालूओं की सुचारू व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन भी खासा सक्रिय है। प्रशासन ने बीकानेर से आने वाले पैदल यात्रियों की सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिए कल एवं परसों में बीकानेर में हल्दीराम प्याऊ से लेकर नौरंगदेसर तक हाईवे को बंद किया है। इस हाईवे पर अब केवल पैदल यात्री या उनकी सेवा में लगे वाहन ही गुजरेगें। वहीं दूसरी और अतिरिक्त जिला कलेक्टर दुलीचंद मीणा एवं एडीशनल एसपी प्यारेलाल शिवराण सहित प्रशासन शुक्रवार को पूनरासर पहुंचा है। एडीएम एवं एडीशनल एसपी ने मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया व पुजारी ट्रस्ट के साथ बैठक भी की। इस दौरान पुजारी ट्रस्ट मंत्री महावीर बोथरा ने प्रशासन से पुलिस, पार्किंग, दर्शन आदि व्यवस्थाएं करवाने के लिए पर्याप्त जाप्ता देने की मांग की। दोनो अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन को मेले के दौरान जातरूओं को किसी भी प्रकार की कोई असुविधा नहीं हो इसके लिए व्यापक प्रबंधन करने के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार राजवीर कड़वासरा एवं शेरूणा थानाधिकारी पवन कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।

शिक्षक व विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा दी महर्षि ने, जोशी के सम्मान में जुटे अनेक मौजिज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सेवानिवृत व्याख्याता सीताराम जोशी को प्रेरणादायी व्यक्तित्व व शिक्षक के रूप में उत्कृष्ट सेवाएं देने के लिए महापुरूष समारोह समिति द्वारा शुक्रवार को सम्मानित किया गया। एमपीपीएस में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि साहित्यकार श्याम महर्षि व विशिष्ट अतिथि के रूप में भगतसिंह धनखड़ मंच पर मौजूद रहें। समिति अध्यक्ष श्रीगोपाल राठी ने समारोह की अध्यक्षता की। अतिथि श्याम महर्षि ने अपने संबोधन में शिक्षक को समाज व देश की धुरी बताते हुए शिक्षकों व विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत करने का संदेश दिया। समारोह में मुख्य वक्ता डॉ मदन सैनी ने डॉ राधाकृष्णन के व्यक्तित्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी। सम्मानित शिक्षक जोशी ने समिति का आभार जताया। कार्यक्रम में मंत्री सुशील सेरड़िया, एडवोकेट श्यामसुंदर आर्य, तुलसीराम चोरड़िया, जगदीश मूंधड़ा, भंवरलाल भोजक, बजरंगलाल सेवग, जगदीश स्वामी, रामकिशन राठी, निर्मल पुगलिया, शुभकरण पारीक, विजयराज सेवग, विमल भाटी, विजय महर्षि, मनोज डागा, ललित बाहेती, जगदीश भाम्भू, कुम्भाराम घिंटाला , राजेश शर्मा, रमेश व्यास, सुरेश भादानी, अशोक पारीक सहित अनेक मौजिज शामिल हुए। स्कूल के बच्चों ने इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी व संचालन सत्यदीप ने किया।

धरना पांचवें दिन जारी, किसानों में रोष व्याप्त।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव सूडसर में सोलर कम्पनी के खिलाफ किसानों का किसान राहत संघर्ष समिति के बैनर तले लगाया गया धरना शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। धरने को पांच दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन द्वारा सुध नहीं लेने के कारण किसानों में रोष व्याप्त है। धरने के पांचवें दिन धरने पर कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष श्रीराम भादू, जसराम खोड, मांगीलाल भादू, सूरजाराम भादू, भागीरथ खोड, जेठाराम भादू, छात्र नेता भागीरथ भादू, मुन्नीलाल भादू, हनुमानाराम भादू, पूर्णाराम भादू, लिछुराम जाखड़, भंवरलाल भादू, रामलाल भादू, हनुमान खोड, जीयाराम सेरडिया, हनुमानाराम भादू, रेवंतराम भादू, राजू भादू, कालूराम भादू, श्रवण भादू, श्रीराम भादू, पेमाराम भादू , नोपाराम खोड, अजीत खोड आदि मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कम्पनी पर वादा खिलाफी एवं धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया व नारेबाजी की।

रामदेवरा पैदल यात्री का खोया फोन लौटाया, जताया आभार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रामदेवरा पैदल यात्रियों के सेवा संघो में एंबुलेंस सेवा भी शामिल है। कस्बे के निजी एंबुलेंस चालक युवा बंशी स्वामी ने ईमानदारी का परिचय देते हुए एक पदयात्री महिला का एंड्रोयड फोन उसे लौटाया। महिला का फोन उसे सड़क किनारे मिला और महिला अपने फोन की तलाश में परेशान थी। बंशी ने महिला को उसका फोन पहुंचाया तो परिवार सहित महिला यात्री ने उनका आभार जताया।





