






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 सितम्बर 2024। मंगलवार को बीकानेर में कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सिहाग की अध्यक्षता व जिला प्रभारी फुसाराम गोदारा, पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल, नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी के आतिथ्य में जिला कांग्रेस की वृहद बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले भर से कांग्रेस के सभी बड़े नेता, पदाधिकारी एवं वर्तमान व पूर्व जनप्रतिनिधि मौजूद तो रहे। लेकिन बैठक में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेताओं की मौजूदगी व दूसरी और पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, जिला कार्यकारिणी में जिला उपाध्यक्ष केशराराम गोदारा की गैर मौजूदगी से चर्चाओं का दौर गर्म हो गया है। इस बैठक में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव मूलाराम भादू, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य हरिराम बाना, रीड़ी सरपंच हेतराम जाखड़, पूर्व जिला प्रमुख मेघाराम महिया, ब्लाक अध्यक्ष श्रीराम भादू, भगवाननाथ कलवाणियां, सोहनलाल महिया, क्रय विक्रय सहकारी समिति अध्यक्ष तुलछीराम गोदारा, यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष संतोष गोदारा, पूर्व प्रधान भागूराम सहू, पूर्व सरपंच लक्ष्मण खिलेरी, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष नारायण नाथ सिद्ध, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष ओमप्रकाश भादू, रामप्रताप डेलू, अशोक बुडिया, ओमप्रकाश गोदारा, किशन सिहाग, पूर्व सरपंच रेखाराम कालवा, ओमप्रकाश मेघवाल, पूर्व जिला परिषद सदस्य धाई देवी आदि ने भाग लिया। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के कांग्रेसी नेताओं ने श्रीडूंगरगढ़ में गत सरकार द्वारा घोषित किए गए ट्रोमा सेंटर को राजनैतिक द्वेषता के चलते नहीं बनाने की बात उठाई एवं भाजपा सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारीत करवाया। क्षेत्र के कांग्रेसी नेताओं ने ट्रोमा निर्माण जल्द शुरू नहीं करवाने पर श्रीडूंगरगढ़ में सामूहिक रूप से बड़ा आंदोलन करने की बात भी कही।
निष्क्रिय व अनुपस्थित रहने वालों की होगी छंटनी, स्थाई कार्यालय की लेगें भूमि, बैठक में हुए कई निर्णय।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला कांग्रेस की वृहद बैठक में कई निर्णय लिए गए। बैठक में जिला प्रभारी फुसाराम गोदारा ने साम्प्रदायिक ताकतों से लड़ने के लिए संगठन को चुस्त दुरूस्त रखने की बात कही एवं इसके लिए निष्क्रिय व अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों को एक सप्ताह का कारण बताओ नोटिस देकर हटा देने के निर्देश जिलाध्यक्ष को दिए। जिलाध्यक्ष बिशनाराम सिहाग ने संगठन की सक्रियता के लिए अनिवार्य रूप से प्रत्येक दो महिने में ब्लाक स्तर पर एवं प्रत्येक एक महिने में मंडल स्तर पर बैठक आयोजित करने को कहा। बैठक में कांग्रेस के स्थाई जिला कार्यालय के लिए नगर विकास न्यास से रियायती जमीन लेने एवं जमीन के बाद भवन निर्माण के लिए भी सामूहिक सहयोग का निर्णय लिया गया। इसके अलावा जनहितों की रक्षा के लिए सतत सक्रिय रहने व सरकार द्वारा मांगें पूरी नहीं करने पर आंदोलन के निर्णय भी लिए गए।






