






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 सितम्बर 2024। सिद्ध समाज के युवाओं के सबसे बड़े संगठन सिद्ध युवा महासभा संस्था द्वारा संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवाननाथ कलवानिया की अध्यक्षता में व समाज के महन्तों के सानिध्य में बीकानेर के रविन्द्र रंगमंच में प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें शिक्षा के क्षेत्र में सर्वोत्तम अंक हासिल करने वाली समाज की शैक्षिक प्रतिभाओं को सम्मानित कर समाज में शिक्षा की अलख को और अधिक तेज करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में कतरियासर महन्त मोहननाथ, लीलसर बाड़मेर महन्त मोटनाथ, चाऊ महन्त मोहननाथ, चाऊ महन्त रामनाथ का सानिध्य एवं श्रीडुंगरगढ विधायक ताराचन्द सारस्वत, नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डुडी, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानन्द व्यास, पर्यावरणविद प्रोफेसर श्यामसुन्दर ज्याणी, अतिरिक्त पुलिस अधिक्षक श्रवण कुमार झोरड़ अतिथि रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गीधनाथ जाखड जैतासर, मोहननाथ जाखड़, महासभा के पूर्व अध्यक्ष बीरबलनाथ जाखड़, बुद्धनाथ महिया, बोलावाली सरपंच रामकुमार, ऊंटालड़ सरपंच धन्नानाथ हुड्डा, रांवासर सरपंच बिसननाथ मूंड,नैणासर सरपंच लालचन्द, किसननाथ बलिहारा एवं संस्था के कोषाध्यक्ष मदननाथ सिद्ध सहयोगी बने है। मंचस्थ अतिथियों द्वारा देव श्रीजसनाथ जी के पूजन से शुरू कार्यक्रम में अतिथियों ने समाज में शिक्षा के महत्व को समझाने के लिए ऐसे आयोजनों की सतत आवश्यकता जताई। अपना संबोधन देते हुए नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डुडी ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने का, श्रीडुंगरगढ़ विधायक ताराचन्द सारस्वत ने समाज के युवाओं को नशे से दूर रखने का, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानन्द व्यास ने शिक्षा के साथ संस्कारों को भी महत्व देने का पर्यावरणविद प्रो. श्याम सुन्दर ज्याणी ने पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
संतों ने दी प्रेरणा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कार्यक्रम में समाज के संतों ने अपना सानिध्य देते हुए समाज विकास की प्रेरणा दी। महन्त मोटनाथ श्रीदेव जसनाथ जी महाराज के जागरण लगाने की प्रथा को जारी रखने, 36 नियमों की पालना करने एवं नशों से हर हालत में बचने की प्रेरणा दी। गीधनाथ जाखड़ जैतासर ने समाज के वरिष्ठ नागरिकों को समाज के पावन कार्यक्रमों में अपना योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम में हरियाणा एवं पंजाब के साथ-साथ श्रीगंगानगर, हनुमानगढ, चुरू, नागौर, बीकानेर, बाड़मेर, जोधपुर व अन्य जिलों से पहुंची समाज की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। सिद्ध युवा महासभा संस्था के अध्यक्ष भगवाननाथ कलवानियां ने बताया कार्यक्रम में कक्षा 10 के 155, कक्षा 12 के 177, स्नातक व स्नातकोतर में 15 तथा 61 लोकसेवकों सहित कुल 427 प्रतिभाओं को अलग अलग स्तर अनुसार लेपटॉप, मेडल, मोमेन्टो तथा प्रशस्ती पत्र प्रदान कर सम्मान किया गया। कलवाणियां ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आभार जताया एवं मंच संयोजन संस्था प्रवक्ता प्रेमनाथ सारण, अर्जुन नाथ सिद्ध बेनीसर ने किया।





