






शिव विधायक से मिले युवा, स्मृति चिह्न देकर निमंत्रित किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शिव विधानसभा के विधायक रवींद्रसिंह भाटी से अंचल के गांव मिंगसरिया नोसरिया के युवाओं ने बुधवार को मुलाकात की। शिव पहुंचे युवाओं ने भाटी को माँ करणी का स्मृति चिह्न देकर निमंत्रित किया। संदीप सिंह मिंगसरिया ने बताया कि आगामी 15 जनवरी 2025 को बाल गोपाल गौशाला मिंगसरिया नोसरिया में राधा कृष्ण मूर्ति स्थापना का भव्य आयोजन होगा। उसी रात विशाल जागरण होगा जिसमें प्रसिद्ध भजन कलाकार ओमजी मुंडेल शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का आमंत्रण शिव विधायक को दिया गया है। इस दौरान बाल गोपाल गौशाला के अध्यक्ष तुलाराम प्रजापत, अशोक सिंह मिंगसरिया, पुनमचन्द जाट, जितेन्द्र सिंह, शिवलाल प्रजापत आदि शामिल रहें।

सेरूणा में आयोजन समिति की हुई बैठक, बनाई कार्यक्रम की रूपरेखा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सेरूणा में आगामी 22 सितंबर 2024 को पूर्व सरपंच दिवंगत सावन्तसिंह बीदावत की 42वीं पुण्यतिथि पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर बुधवार को आयोजन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मूलाराम गोदारा ने की, गोदारा ने बताया कि कार्यक्रम में ग्राम पंचायत स्तर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। भरतसिंह राठौड़ ने बताया कि इस दिन को विकास दिवस के रूप में मनाया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व न्यायाधीश करणीसिंह राठौड़ करेंगे, व मुख्य अतिथि के रूप में ख़ाद्य एवम सुरक्षा विभाग के कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक ताराचंद सारस्वत व विश्वकर्मा कौशल बोर्ड के अध्य्क्ष रामगोपाल सुथार शामिल होंगे। ग्रामीण उत्साह के साथ आयोजन की तैयारी में जुट गए है। कार्यकर्ता गांव में घर-घर जाकर निमंत्रण दे रहें है। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच सांवतसिंह द्वारा कराए गए कार्यों व उनके जीवन के बारे में पोस्टर का विमोचन अतिथियों द्वारा किया जाएगा। बैठक में पेमाराम गोदारा, गोपाल भादु, सोहनलाल भादु, अशोक राणा, चिमनाराम मेघवाल, गजानन्द सारस्वत, कुशाल सिंह, भागीरथ सिंह, सुल्तान खान, खेताराम साईं, गौरीशंकर, अमरचंद सारस्वत आदि कमेटी सदस्य मौजूद रहें।
श्रीक्षत्रिय युवक संघ का चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, 140 किशोरों ने ली अनुशासित जीवन की सीख।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 सितंबर 2024। अनुशासित जीवन की सीख व महापुरूषों के जीवन से प्रेरणा लेने के आह्वान के साथ क्षेत्र के गांव जोधासर में श्रीक्षत्रिय युवक संघ का चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर मंगलवार को संपन्न हुआ। शिविर का संचालन गुलाबसिंह आशापुरा ने किया। आशापुरा ने बताया कि सभी प्रशिक्षार्थियों को प्रातः काल से शयन तक पूर्ण अनुशासित जीवन का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षार्थियों ने प्रार्थना, योग, शारीरिक खेल, बौद्धिक खेल, हवन, बौद्धिक प्रवचन, विनोद सभा, सत्संग, केसरिया ध्वज का तलवार से पहरा इत्यादि सभी गतिविधियों में उत्साह के साथ भाग लिया। उन्होंने विदाई संदेश में शिविरार्थियों को क्षत्रियोचित जीवन जीने, गीता के अनुसार संस्कारित होने, स्वयं के भीतर सद्गुणों का विकास करने व दुर्गुणों का विनाश करने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि संघ 78वर्षों से समाज में सामूहिक संस्कारमयी कर्मप्रणाली द्वारा युवक-युवतियों में संस्कार निर्माण का कार्य कर रहा है। संघ के प्रांत प्रमुख जेठूसिंह पुन्दलसर ने बताया कि जैन धर्म के 24तीर्थंकर, बौद्ध धर्म के गौतम बुद्ध, विश्नोई पंथ के जंभेश्वर सहित गांव-गांव सती-झुझार व लोकदेवताओं के रूप में हमारा उज्ज्वल अतीत रहा है। हमारी माटी में जौहर व साके उच्च चरित्र परंपरा के अनूठे उदाहरण है। जिनसे प्रेरणा लेकर हर एक युवा अपने जीवन को उज्जवल दिशा दे सकता है। उन्होंने स्वयं को संघ से जोड़े रखने व संघ के आयोजनों में शामिल होने की बात कही। शिविर में झंझेऊ, जोधासर, पुन्दलसर, लखासर, नारसीसर, धर्मास, इन्दपालसर हीरावतान, गुसांईसर, जाखासर, कानासर, भादला, नोखागांव, मोरखाना, श्रीडूंगरगढ़, बीकानेर शहर व अनेक गांवों के 140 किशोरों ने प्रशिक्षण लिया। गांव के ओमपालसिंह व कुलदीपसिंह सहित ग्रामीणों ने आयोजन संबंधी व्यवस्थाएं की गई। शिविर के दौरान जोधासर ग्रामवासियों का स्नेहमिलन आयोजित किया गया। शिविर में प्रांत प्रमुख सहित कल्याणसिंह, रणवीरसिंह, भागीरथसिंह, विजयसिंह, महेंद्रसिंह, संदीपसिंह, जसवंतसिंह, कैलाशसिंह, हरीसिंह, प्रभुसिंह, दशरथसिंह, विक्रमसिंह सहित अनेक सहयोगी उपस्थित रहें।

कांकड़ भैरव मंदिर से मुख्य मंदिर तक मार्ग सजाया रोशनी से।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तोलियासर में मंगलवार को विशाल मेला आयोजित हुआ। यहां कांकड़ भैरव मंदिर से मुख्य मंदिर तक झिलमिलाती सुदंर रोशनियों से मार्ग को सजाया गया। गौसेवा चिकित्सा मिशन, तोलियासर द्वारा श्रद्धालुओं को अंधेरे की परेशानी व असुविधा से बचाने के लिए ये सेवा दी गई। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने दुधिया रोशनी में से गुजरते हुए मुख्य मंदिर पहुंच कर दर्शन किए। पहली बार की गई इस व्यवस्था की चर्चा व सराहना अनेक प्रबुद्धजनों ने की है।

गणेशजी मूर्ति विसर्जन के आयोजन संपन्न, किए अन्नत चतुदर्शी के उद्यापन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव सुरजनसर में 10 दिवसीय गणेश पूजन के पश्चात मंगलवार को धूमधाम विसर्जन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान ट्रैक्टरों पर झांकियां निकाली गई। विसर्जन से पूर्व आरती का आयोजन हुआ जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आरती में तुलसीराम शर्मा, कुंभाराम डूडी सहित अनेक मौजिज ग्रामीणों ने भाग लिया व विसर्जन रैली को रवाना किया। युवाओं ने जमकर जयकारे लगाए और खूब गूलाल उड़ाई। आयोजन में शिवलाल डूडी, शिवलाल शर्मा, भागुराम डूडी, रूपाराम डूडी, कुंभाराम डूडी, कृष्ण धेहड़ू, कृष्ण डूडी सहित अनेक युवा सक्रिय रहें। इस दौरान कन्या भोज का आयोजन भी किया गया। वहीं गांव पुदंलसर में मंगलवार को हनुमान वाटिका में सामूहिक रूप से अनंत चतुर्दशी व्रत कथा का आयोजन किया गया। अनेक महिलाओं व बड़े बुजुर्गों ने भगवान अन्नत की कथा सुनी व व्रत उपवास किया। यहां पंडित श्रवण कुमार पारीक ने कथा सुनाई और श्रद्धालुओं ने अन्नंत भगवान के जयकारे लगाए।






