






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 सितंबर 2024। जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के विभिन्न खेलों में श्रीडूंगरगढ़ अंचल के गांवो से छात्र छात्राओं ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर सलेक्शन हासिल किए है। बीकानेर के भारतीय आदर्श विद्या मंदिर रघुनाथसर कुंआ के संयोजन में जवाहर नगर स्थित एलएम स्पोर्टस कांपलेक्स में 68वीं जिला स्तरीय स्कूली योग प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को समारोह पूर्वक हुआ। इस प्रतियोगिता के 17 वर्षीय छात्रा वर्ग में ऊपनी के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल की छात्रा दिव्या गोदारा ने गोल्ड जीता है। स्कूल के योग शिक्षक जिज्ञासु सिद्ध ने जानकारी देते हुए बताया कि बालिका ने 17 वर्षीय में बेहतरीन प्रदर्शन कर गोल्ड जीत लिया व आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 27.9.2024 से 3.10.2024 तक नोखा में आयोजित होगी में भाग लेगी। स्कूल के प्राचार्य योगेश शर्मा ने बालिका को बधाई देते हुए राज्य स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन की प्रेरणा दी। वहीं गांव रीड़ी के राउमावि की छात्राओं ने 17 वर्षीय वर्ग में उपविजेता रही। दल प्रभारी भव्य कटारिया ने बताया कि प्रतियोगिता में 17 वर्ष आयु वर्ग में आईना स्वामी व पूनम शर्मा तथा 19 वर्ष आयु वर्ग में भावना का राज्य स्तर पर चयन हुआ है। विद्यालय के प्रधानाचार्य तोलाराम मेघवाल ने प्रसन्नता जताते हुए छात्राओं को बधाई दी। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक संदीप सोनी ने छात्राओं ने योगाभ्यास की ट्रेनिंग दी। प्रतियोगिता में समापन समारोह में उपजिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) अनिल बोडा, क्रीडा अकादमी के गजेंद्र शेखावत, समाजसेवी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता जेपी व्यास ने विजेता व उपविजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।





