






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 सितंबर 2024। क्षेत्र के गांव ठुकरियासर में प्रस्तावित 132 केवी जीएसएस के स्थान का विवाद इस कदर बढ़ गया की एक ओर सरपंच व उसके पुत्र ने सरकारी अमले पर हमला कर दिया वही दूसरी और पंचायत भवन में लगी अंबेडकर प्रतिमा खंडित करने के कारण गांव में तनाव बना हुआ है। अभी तक प्रशासनिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन द्वारा स्टेट हाइवे पर स्थित गोचर भूमि को 132 केवी जीएसएस बनाने के लिए उपयुक्त भूमि माना गया है। वहीं दूसरी ओर सरपंच पक्ष इसे अंदरूनी रोही में स्थित गोचर में बनवाना चाह रहा था। ऐसे में सरपंच द्वारा 132 केवी जीएसएस के निर्माण के लिए एनओसी नहीं दी गई। इस पर प्रशासन द्वारा एक कमेटी बना कर वार्ड पंचों के साथ बैठक करने और वार्ड पंचों के बहुमत से प्रस्ताव पारित करने के निर्देश दिए गए। इन्हीं निर्देशों की पालना में शुक्रवार को पंचायत समिति की सरकारी गाड़ी में प्रशासनिक अमला गांव पहुंचा था। इस अमले ने वार्ड पंचों के साथ बैठक कर 9 में से 7 वार्ड पंचों की सहमति सरकारी प्रस्ताव के अनुसार स्टेट हाइवे के पास की भूमि पर 132 के निर्माण का प्रस्ताव पारित करवा लिया। इसके बाद लौटते समय सरपंच, सरपंच पुत्र व 4-5 अन्य ने सामने से आकर उनकी गाड़ी को टक्कर मारने का प्रयास किया। सरकारी गाड़ी के चालक ने बचाया व वहां से गाड़ी भगाई लेकिन सरपंच ने वापस आकर ओवरटेक कर गाड़ी आगे लगा दी व सरकारी गाड़ी में सवार विद्युत निगम के जेईएन के साथ गाली गलोच, मारपीट कर डाली। इस घटना का वीडियो भी खासा वायरल हुआ है। इस संबंध में राजकार्य में मुकदमा दर्ज होने के बाद शनिवार सुबह सरपंच अमराराम गांधी व उनके पुत्र की गिरफ्तारी भी हुई है। वहीं देर रात एक मामला और दर्ज हुआ है जिसमे विकास अधिकारी मनोज कुमार धायल द्वारा पंचायत भवन में स्थित अंबेडकर की प्रतिमा को तोड़ने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ने के मामले में पढ़े यह पूरी अपडेट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 सितंबर 2024। असामाजिक तत्वों द्वारा ग्राम पंचायत भवन का चैनल गेट तोड़कर अलमारी से रिकॉर्ड के साथ छेड़छाड़ करने व हॉल का गेट तोड़कर हॉल में लगी बाबा साहेब की मूर्ति के नाक व कान क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। क्षेत्र के गांव ठुकरियासर में सुबह से तनाव की स्थिति बनी हुई है व पुलिस के साथ क्यूआरटी के जवान तैनात कर दिए गए है। थानाधिकारी इंद्रकुमार भी मौके पर मौजूद है। पंचायत समिति के विकास अधिकारी मनोज कुमार पुत्र गोवर्धन जाट ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। मनोज कुमार ने बताया कि शुक्रवार को सूचना मिलने पर देर रात 11 बजे वे मिनी सचिवालय ग्राम पंचायत ठुकरियासर पहुंचे। उन्होंने मौके पर देखा की यहां सभा हॉल में स्थित मूर्ति के दोनों कान, नाक क्षतिग्रस्त है। हॉल के गेट और चैनल गेट का लॉक तोड़कर किसी ने रिकॉर्ड की अलमारी से छेड़छाड़ की और रिकॉर्ड बिखरा हुआ मिला। उन्होंने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बाबा साहेब अंबेडकर की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर समुदायों में वैमनस्य फैलाने की भावना से कृत्य करते हुए सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है। मनोज कुमार ने पुलिस से कार्रवाई की करने की मांग की वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया व जांच हैड कांस्टेबल हरिराम को सौंप दी है। मनोज कुमार ने ग्रामीणों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन मामले को गंभीरता से देखते हुए जांच कर रहा है। थानाधिकारी इंद्रकुमार ने बताया कि मौके पर मामले की जांच की जा रही है।




