






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 सितम्बर 2024। क्षेत्र के गांव माणकरासर में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में गठित की गई जिले भर की श्रेष्ठ महिला कबड्डी खिलाडियों की टीम ने स्कूली स्टेट कबड्डी प्रतियोगिता में अपना अजेय अभियान जारी रखा है। अनुपगढ़ के रावला मंडी में आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में सेमीफाईनल मुकाबला बीकानेर की बेटियों ने जयपुर ग्रामीण जिले की टीम को 50-31 के बड़े अंतर से हराया एवं फाईनल में गोल्ड की दावेदारी पक्की की है। इस मैच में टीम में शामिल क्षेत्र के गांव रीड़ी की बेटी चैना जाखड़ ने शानदार प्रदर्शन किया एवं चैना के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए रावलामंडी व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष उदाराम महिया उसे इक्कीस हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया है। सेमीफाईनल मैच में चैना के साथ-साथ टीम कप्तान आईना, रेंवती ने भी शानदार प्रदर्शन किया एवं बीकानेर जिले की टीम को स्टेट लेवल पर पदक सुनिश्चित करवा दिया है। प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश भर से सभी 50 जिलों की टीमें आई थी एवं अब फाईनल मुकाबला सोमवार को बालोतरा के साथ होगा। जिले की इस 12 खिलाडियों की टीम में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की पांच बेटियां गांव रीड़ी की चैना जाखड़, पूनरासर की गायत्री सिद्ध, विमला सिद्ध, गांव बाना की अश्लेखा सोनी व माणकरासर की बसंती कुलरिया शामिल है। दल प्रभारी भगवाना राम गोदारा, कोच पूर्णाराम, टीम प्रभारी अनीता मीना व संरक्षक गौरीशंकर पारीक ने टीम का हौसला बढ़ाते हुए फाइनल में जिले के लिए पदक हासिल करने की प्रेरणा दी है।




