






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 सितंबर 2024। राज्य स्तर पर कुश्ती प्रतियोगिता में कस्बे के तीन युवकों ने सोने व कांसे की चमक के साथ सफलता हासिल की है। भरतपुर में आयोजित राज्य स्तरीय ग्रिको कुश्ती प्रतियोगिता के 72 किलो भार वर्ग में हेमंत पुत्र मनोज सारस्वत ने फाइनल में ब्यावर के पहलवान को हराकर गोल्ड मैडेल जीत लिया। हेमंत अब नेशनल में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेगा। पहलवान के कोच नितिन सिंह ने बताया कि राज्य स्तर पर गोल्ड लेने वाला हेमंत राउमावि, ताल मैदान का छात्र है और जयहिंद स्पोटर्स एकेडमी में नियमित कुश्ती की प्रैक्टिस करता है। स्कूल के प्रधानाचार्य मनीष सैनी ने भी युवक को बधाई दी है। वहीं भारती निकेतन के छात्र व पहलवान सुभाषचंद्र ने भरतपुर में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता के 17 वर्षीय 60 किलोभार से कम वर्ग में कुश्ती में कांस्य जीता है। इसी एकेडमी के पहलवान व भारती निकेतन के छात्र ने श्रीगंगानगर में आयोजित जूडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता है। सिंह ने बताया कि जूडो के 19 वर्षीय के 90 किलोभार से कम वर्ग में लक्ष्य सिद्ध ने कांस्य पदक जीता है। ये प्रतियोगिताएं रविवार रात संपन्न हुई है। कोच नितिन सिंह, सिंकदर सिंह व मुकेश जांगिड़ ने तीनों पहलवानों को बधाई देते हुए निरन्तर अभ्यास करने की प्रेरणा दी है।


लालासर की दो बेटियां खेली सॉफ्टबॉल टीम में, जीता गोल्ड।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 65वीं राज्य स्तरीय सॉफ्टबॉल 14 वर्षीय छात्रा वर्ग कोटा के महाराजा उम्मेद सिंह स्टेडियम में 19 सितंबर से 22 सितंबर तक खेला गया। जिसमें बीकानेर की टीम ने गोल्ड मैडल जीत लिया। बीकानेर की बालिका टीम में राउप्रावि लालासर की दो छात्राओं प्रियंका व प्रियंका कंवर भी शामिल रही। स्कूल के पीटीआई राजूराम ने बताया कि राज्य स्तर पर बीकानेर की टीम विजेता रही है। सत्तासर सरपंच सुनील मलिक ने स्टेट वीनर रहने पर बालिकाओं को बधाई दी वहीं स्कूल के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार सहित स्टाफ ने प्रसन्नता जताई।




