






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अक्टूबर 2024। गुरूवार दोपहर अभिजीत मुहूर्त में मंदिरों व घरों में शक्ति के आह्वान के साथ घट स्थापना की गई। विधि विधान से मंत्रोच्चार के साथ शारदीय नवरात्र का पर्व प्रारंभ हो गया है। इस बार 10 दिन पूजन पूर्ण होने से भक्तों में उत्साह का माहौल है। देवी मंदिरो में विशेष सजावटें की गई है और 9 दिन देवी मंदिरो में भीड़ रहेगी। आड़सर बास माताजी मंदिर, दधिमति माताजी मंदिर, कालका मंदिर, स्वर्णकार माताजी मंदिर में पूरे 9 दिन विभिन्न अनुष्ठान होंगे। आड़सर बास माताजी मंदिर से श्रीराम मंदिर तक पूरा मार्ग सुदंर रोशनियों से सजावट की गई है। यहां मंदिर प्रांगण में 9 दिन लगातार अखंड कीर्तन का आयोजन प्रारंभ हो गया है। स्वर्णकार माताजी मंदिर में अखंड कीर्तन व 9 दिन सुबह कन्या भोज का आयोजन गुरूवार से प्रारंभ हो गया है। वहीं दधिमति माता मंदिर में अनेक देवी अनुष्ठान, अखंड दीपक सहित पूजा अर्चना प्रारंभ हो गई। यहां मंदिर समिति द्वारा प्रतिवर्ष की भांति 9 व 10 अक्टूबर को डांडिया नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन होगा। जिसमें एकल नृत्य, ग्रुप नृत्य व डांडिया नृत्य की प्रतियोगिता होगी। इसमें भाग लेने के लिए मंदिर में तथा बॉम्बे मॉल में स्थित मनपसंद गिफ्ट सेंटर पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं सरकारी अस्पताल के पास कालका मंदिर में विशेष पूजा अनुष्ठान के साथ 9 दिन प्रतिदिन सुदंर झांकिया सजाई जाएगी। इसके अतिरिक्त सभी देवी मंदिरों में भी पूजा अर्चना शुरू हो गई है। झूलेलाल मंदिर में पंडित मांगीलाल उपाध्याय के द्वारा विधि विधान से घट स्थापना की गई। समाज के तरूण गुरनाणी ने सपत्नी खुशबू के साथ पूजन प्रारंभ करवाया। रवि रिझवानी ने बताया कि बैंड बाजे के साथ ध्वजारोहण कर नवरात्र उत्सव प्रारंभ किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में बुर्जुग, महिलाओं व बच्चे भी पूजन में शामिल हुए। सैनजी महाराज मंदिर में धूमधाम से नवरात्र का उत्सव प्रारंभ हुआ। मंदिर को विभिन्न रोशनियों से सजाया गया। संस्था के ओमप्रकाश फुलभाटी ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति मंदिर में नवरात्र पर प्रात: व संध्या आरती व प्रसाद वितरण के आयोजन होंगे।












