May 21, 2026
00000000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 अक्टूबर 2024। धीरदेसर चोटियान में गांव में शराब बंदी को लेकर धरना लगातार 33वें दिन भी जारी है। धरने पर शुक्रवार को पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया पहुंचे। महिया ने धरने का समर्थन करते हुए कहा कि जब सरपंच, पूर्व सरंपचों सहित पंच, मौजिज ग्रामीण, महिलाएं, युवा, व बालिकाएं चाहती है कि गांव में शराब बंद हो तो सरकार व प्रशासन क्यों पीछे हट रहे है। ये असंवेदनशील सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों की सुरक्षा नहीं कर रही पा रही है। महिया ने कहा कि ग्राम सभा में गांव में मतदान करवा लेने का प्रस्ताव पारित होने के बावजूद प्रशासन शराब बिक्री करने की पक्षधर क्यों है। उन्होंने कहा कि शराब का नशा आज देश की सबसे बड़ी बुराई ही नहीं समस्या बन चुका है। नशा अपराधों का जनक है और ऐसे में सरकार को ऐसे गांव की पहल पर तत्परता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। महिया ने शांतिपूर्ण धरने का पूर्ण समर्थन करते हुए सरकार से गांव के इस शराब ठेके को बन्द करने का शीघ्र निर्णय नहीं लेने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। आज धरने पर एडवोकेट श्यामसुंदर आर्य, नोरंगलाल, जगदीश, बलबीर, चेतनराम, मनफूल, किशन चोटिया हजारीप्रसाद, श्यामसिंह, तोलूराम चोटिया सहित अनेक युवा धरने पर डटे रहें।