






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 अक्टूबर 2024। श्रीडूंगरगढ़ शहर को डबल इंजन की सरकार से बड़ी उम्मीदें है। जलदाय विभाग व विधायक ने शहर की पेयजल समस्याओं के स्थाई निस्तारण के लिए प्रयास प्रारंभ कर दिए है। जयपुर से विभागीय सर्वे टीम गत दो दिनों से शहर में है तथा यहां के सभी वार्डों में सप्लाई व्यवस्था की जांच करते हुए आगामी जनसंख्या क्षमता के अनुसार एक बड़े प्रोजेक्ट की डीपीआर बनाने की कार्रवाई में जुटी है। सर्वे दल व विभागीय अधिकारियों के साथ विधायक ताराचंद सारस्वत की मंगलवार को लोक सेवा केंद्र में बैठक संपन्न हुई। जिसमें विस्तृत चर्चा करते हुए पुरानी पाईप लाइनों को बदलने, नई पाईप लाइने डालने, कालूबास की बड़ी पीली टंकी, वार्ड 1 की टंकी व सरदारशहर रोड पर स्थित क्षतिग्रस्त टंकियों के स्थान पर नई टंकियां बनाने, नगरपालिका भूमि पर नए ट्यूबवेलों का निर्माण करने, पंपहाऊस का निर्माण करने के बारे में चर्चा की गई। विधायक ने आगामी 20 वर्षों के समय को ध्यान में रखकर प्रोजेक्ट की डीपीआर बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान पूर्व चेयरमैन लीलाधर बोथरा, ओबीसी जिलाध्यक्ष विनोद गिरी गुंसाई, पार्षद जगदीश गुर्जर, महेश राजोतिया, पार्षद रामसिंह जागीरदार, ओम प्रकाश फुलभाटी, भवानी प्रकाश तावणीयां, रजनीकांत शर्मा, अर्जुनराम आदि मौजूद रहें।
व्यर्थ बहाया पानी तो अब खैर नहीं, विधायक ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नए कानूनों में पानी व्यर्थ बहाने व पानी चोरी के मामलों में कानून सख्त हो गए है। जयपुर से विभागीय मंत्री ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं गत दो दिनों से प्रताप बस्ती में जलदाय विभाग की टीम ने अवैध कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को विभागीय कार्मिकों की बैठक में विधायक ने व्यर्थ जल बहाने व अवैध कनेक्शन वालों के खिलाफ नए कानूनों के तहत मुकदमे दर्ज करवाने के निर्देश दिए है। सिटी जेईएन बजरंग परिहार ने बताया कि कार्रवाई तेज की जाएगी व अवैध कनेक्शन हटाने के साथ व्यर्थ पानी बहाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसमें प्रशासन का सहयोग होगा। परिहार ने बताया कि विधायक व अधिशासी अभियंता नरेश कुमार रेगर, के सख्त निर्देश है कि पेयजल व्यर्थ नहीं बहना चाहिए।





