May 22, 2026
WhatsApp Image 2024-10-16 at 8.31.23 PM

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अक्टूबर 2024। प्रसिद्ध पूनरासर हनुमानजी मंदिर में ध्वजारोहण के साथ बुधवार सुबह पूर्णिमा मेला महोत्सव प्रारंभ हुआ। पहले दिन प्रदेश भर सहित हरियाणा, पंजाब से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में ध्वजा लेकर बाबा के दर्शन करने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने आटा, घी, शक्कर से बने चूरमे का भोग लगाकर बाबा से अपने संकट हरने की प्रार्थनाएं की। श्रद्धालुओं ने खेजड़ी बालाजी मंदिर में भी माथा टेक कर मन्नतें मांगी। खेजड़ी बालाजी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र खेजड़ी को मोलियां बांधी एवं जात-झडूलों की परम्परा पूरी की। अंजनी माता मंदिर परिसर में भी शरद पूर्णिमा मेला महोत्सव की रौनक रही। यहां पहुंचे श्रद्धालुओं ने अंजनी माता मंदिर, राम दरबार मंदिर में दर्शन किए। पुजारी परिवार की ओर से जयराम धर्मशाला, श्रीपूनरासर हनुमानजी ट्रस्ट की ओर से श्रीराम भोजनालय, गंगाजल कासनियां चेरिटेबल ट्रस्ट बेंगलुरु की ओर से सावित्री भवन के बाहर बाबा के भंडारे का आयोजन किया। सावित्री भवन के बाहर आयोजित जागरण में बीकानेर की कौशल्या रामावत एंड पार्टी ने बाबा के भजनों की प्रस्तुतियां दी। मंदिर ट्रस्ट के महावीर बोथरा ने बताया कि गुरुवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त में पूनरासर बाबा का विशेष श्रृंगार व पूजा अर्चना होगी। निज मंदिर सहित मंदिर परिसर को फूलों से विशेष रूप से सजाया जाएगा।

सूडसर व दुलचासर में होंगे धार्मिक अनुष्ठान।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव सूडसर के हनुमानजी मंदिर में गुरूवार को शरद पूर्णिमा मेला महोत्सव का आयोजन होगा। मेले की पूर्व संध्या पर बुधवार को मंदिर परिसर में श्रीरामचरित मानस के सस्वर अखंड पाठ शुरू हुए, जो कि गुरुवार दोपहर तक चलेंगे। इससे पूर्व गुरुवार सुबह पुजारी रामचंद्र स्वामी परिवार की ओर से पुजारी गणेश स्वामी, महेश स्वामी, मोहन स्वामी, किशन स्वामी ने बाबा का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। पुजारी परिवार की ओर से बाबा की ज्योत प्रचलित कर विशेष पूजा अर्चना की जाएगी। शाम को संध्याकालीन महाआरती जागरण के बाद विशेष खीर महाप्रसाद का वितरण किया गया। वहीं दुलचासर गांव के गोनाणा रोही स्थित खेजड़ी बालाजी मंदिर में बुधवार सुबह से श्री रामचरितमानस के सस्वर अखंड पाठ शुरू हुए, जो कि गुरुवार सुबह आठ बजे तक चलेंगे। यहां गुरुवार सुबह हनुमान जी को भोग लगाने के बाद खीर प्रसाद का वितरण होगा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूनरासर में दो दिवसीय मेला आज सुबह हुआ प्रारंभ, गुरूवार को रहेगी भारी भीड़।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बुधवार शाम आरती में उमड़े श्रद्धालु।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूनरासर में लगाई धोक मांगी मन्नतें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नाचते गाते ध्वजा लेकर पहुंचे अनेक संघ व सैंकड़ो पदयात्री।