May 21, 2026
000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 अक्टूबर 2024। श्रीडूंगरगढ़ की सबसे पुरानी व प्रमुख सामाजिक संस्था नागरिक विकास परिषद द्वारा क्षेत्र की मेडिकल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए है। परिषद द्वारा प्रमुख भामाशाह भेरूंदान बाहेती परिवार के आर्थिक सौजन्य से छ लाख रु की लागत की ऑटोमैटिक रक्त जांच की मशीन उपजिला अस्पताल में दिलवाई गई है। मशीन अस्पताल पहुंच गई है व ऑटोमैटिक सिस्टम पर इंस्टॉल होने का कार्य हो रहा है। इसका लोकार्पण कल गुरूवार, 24 अक्टूबर 2024 को अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12 बजे किया जाएगा। परिषद मंत्री ललित कुमार बाहेती ने बताया कि अस्पताल प्रभारी डॉ श्रीकिशन बिहाणी के आग्रह पर संस्था ने क्षेत्र की आम जनता के हित में ये मशीन उपलब्ध करवाई है। संस्था अध्यक्ष जगदीश स्वामी ने बताया कि मशीन अत्यंत उपयोगी है तथा रक्त संबंधी अनेक जांचे इसमें हो सकेगी। परिषद के पूर्व अध्यक्ष व इस सेवा में प्रेरक श्रीगोपाल राठी ने बताया कि इस मशीन से कस्बे के जरूरतमंद लाभार्थियों को स्वास्थ्य उपचार में बहुत राहत मिल सकेगी। समारोह के संयोजक विजयराज सेवग के अनुसार उद्घाटनकर्ता राजस्थान कर बोर्ड के पूर्व सदस्य हीरालाल पांडिया, मुख्य अतिथि जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा श्रीडूंगरगढ़ के अध्यक्ष सुशीला पुगलिया होंगे तथा समारोह की अध्यक्षता डॉ श्रीकिशन बिहानी करेंगे। संस्था सदस्यों ने सेवा में सक्रिय संस्थाओं व सेवादारों सहित जागरूक नागरिकों को उद्घाटन समारोह में शामिल होने का आग्रह भी किया है।