






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 अक्टूबर 2024। डेंगू के प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के कार्मिक एक्टिव मोड में गांवो में एंटी लार्वा गतिविधियों सहित ग्रामीणों की जागरूकता के लिए भी प्रयास कर रहें है। गांव सुरजनसर के उपस्वास्थ्य केंद्र में एएनएम कविता चौधरी ने राउमावि की प्रार्थना सभा में जाकर सभी बच्चों को डेंगू व मलेरिया सहित मौसमी बीमारियों की रोकथाम व बचाव के बारे में जानकारी दी। चौधरी ने विद्यार्थियों के रोमांच के लिए उन्हें अपने घर और घर के आस पास एंटी लार्वा गतिविधि का कार्य करते हुए फोटो व वीडियो उन्हें भेजने की बात कही। चौधरी ने श्रेष्ठ कार्य करने वाले सभी बच्चों को जागरूक किशोर व किशोरी बताते हुए प्रोत्साहन पुरस्कार देने की घोषणा की। विद्यार्थियों ने उत्सुक होकर गतिविधियों के बारे में जानकारी ली व कार्य करने की बात कही। स्कूल स्टाफ ने विद्यार्थियों को सफाई अभियान से जोड़ने व हर घर में स्वच्छता का ये सराहनीय प्रयास होगा। चौधरी ने बताया कि दीपावली के अवकाश के बाद जागरूक होकर प्रयास करने वाले छात्र छात्राओं को स्कूल प्रांगण में पुरसकृत किया जाएगा। उन्होंने सभी ग्रामीणों से एंटीलार्वा एक्टिविटी में भाग लेने की अपील की। सरपंच ओमप्रकाश ने बताया कि ग्रामीण जागरूक होंगे तभी डेंगू मलेरिया जैसी बीमारियों से बचा जा सकता है। सरपंच व एएनएम सहित पीटीआई ओमप्रकाश, आशा सहयोगिनी सावित्री व विमला शर्मा, जागरूक युवा भोजाराम जाट, मालाराम शर्मा, रामरतन डूडी के दल ने मिलकर सुरजनसर की सभी सरकारी संस्थाओं के आस पास एंटीलार्वा एक्टीविटी को अंजाम दिया। दल गांव के अनेक घरों में पहुंचा और मौसमी बीमारियों के बारे में जानकारी देते हुए एक्टिविटी की। टीम ने बताया कि गांव में दल द्वारा घर घर सर्वे भी किया जाएगा व एंटीलार्वा गतिविधियां जारी रहेगी।







