






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 अक्टूबर 2024। क्षेत्र के गांव धीरदेसर चोटियान में आज स्कूली छात्रों ने गांव में शराब बंद करवाने के लिए चल रहें धरने पर पहुंचकर धरने को अपना समर्थन दिया। छात्रों ने जोश के साथ दारू का ठेका बंद करो, करो बंद, के नारे लगाए। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने गांव में युवा पीढ़ी को शराब के विरूद्ध जागरूक करने व शराब बंदी आंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया। छात्रों ने शराब बंदी विरोध में शामिल होने का संकल्प लिया। क्षेत्र के वरिष्ठ समाज चिंतक डॉ श्यामसुंदर आर्य ने कहा कि प्रशासन और सरकार जन आवाज की सुनवाई नहीं कर रही परंतु गांव में शराब बेचने नहीं दी जाएगी। आर्य ने बताया कि 54वें दिन धरना जारी है और इस संबंध में गांव की भावी पीढ़ी भी सचेत है। उन्होंने कहा कि अनेक बालिकाएं व महिलाओं ने धरने का समर्थन किया है। प्रशासन सचेत नहीं हुआ तो गांव का बच्चा-बच्चा आंदोलन करेगा। आर्य ने कहा कि गांव में जो जघन्य अपराध हुए है उनके पीछे एकमात्र कारण दारू ही रही है ऐसे में गांव में शराब का ठेका बंद करवाने के लिए पूरा गांव एकमत होकर प्रतिबद्ध है। इस दौरान अनेक जागरूक युवा प्रदर्शन में शामिल हुए। सभी ने सामूहिक रैली निकाली व सरकार व प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। शुक्रवार को धरने पर चेतनराम, रामनिवास, सांवरमल सहू, मांगीलाल, बीरबल, केशराराम, भागीरथ, लेखराम, रामकुमार, लेखराम, श्याम सिंह सारण, किशन चोटिया सहित अनेक युवा व विद्यार्थी उपस्थित रहें।





