






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अक्टूबर 2024। एक विवाहिता ने अपने पति सहित ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने व पति की सरकारी नौकरी लगने के बाद उसे घर से निकाल देने का मामला दर्ज करवाया है। विधानसभा क्षेत्र श्रीडूंगरगढ़ के गांव बाधनू निवासी गंगा पुत्री रामकिशन घिंटाला ने जसरासर थाने में बीकानेर निवासी अपने पति गोविंद सहित ससुराल पक्ष के पवन, माया, पूजा, भागीरथ, चंदादेवी, हड़मानराम, हुकमाराम के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित अनेक गंभीर आरोप लगाए है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 12 जून 2015 आरोपी के साथ हुआ। तभी से आरोपी उसके पिता को भीखमंगा बताते हुए कम दहेज के ताने देने लगे। आरोपियों ने लड़का पढ़ा लिखा है कहकर दूसरा विवाह करने की बात कहते हुए तलाक देने की धमकी देते। उसके पिता ने एक लाख नगदी रूपए की व्यवस्था कर पति को दिए तो दो तीन साल तो ठीक ठाक चला। परंतु पति गोविंद की 2020 में सरकारी नौकरी लग गई। तो आरोपियों ने लड़के की हैसियत बड़ी होने की बात कहते हुए कार की मांग करने लगे। विवाहिता ने शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि आरोपियों ने पहने हुए कपड़ो में ही 22 सितंबर 2024 को उसे घर से निकाल दिया। कई बार पंचायती हुई, पर ससुराल वाले नहीं माने। परिवादिया ने सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए दहेज का सारा सामान बरामद करवाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है जिसकी जांच थानाधिकारी जसरासर करेगें।




