May 21, 2026
000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 नवबंर 2024। दिन दोपहर कोई साधु वेश में आए और चाय पिला देने, भोजन करवा देने के बहाने आपको बातचीत में फंसाने का प्रयास करें तो जरा रूकें, सावधान हो! ये भगवा वेश में भावनाओं से खिलवाड़ करने वाले ठग हो सकते है। क्षेत्र में चोर गिरोह, उठाईगिरों के बाद अब एक ठग गिरोह के सक्रिय होने की पुख्ता सूचना श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स को प्राप्त हुई है। मंगलवार को आड़सर बास में आदर्श विद्या मंदिर के सामने वाली गली में रहने वाला एक नागरिक, हजारों की ठगी का शिकार हो गया है। पीड़ित ने बताया कि मंगलवार दोपहर को करीब 1 बजे, साधु वेश में 40-42 साल का ठग उनके घर आया। घर में रहने वाले दंपत्ती ने उसे 10 रूपए दिए तो ठग ने उन्हें चाय पिलाने की बात कही। महिला घर के अंदर चाय बनाने चली गई और युवक ने उसे घर में आने दिया। युवक ने बताया कि ठग ने कान फाड़कर लोहे की जंजीर गले में पहनी थी तथा स्वयं को श्रीगंगानगर क्षेत्र में स्थित एक डेरे का साधु होने की बात कही। युवक ने बताया कि इंसानियत के नाते उसने घर में छाया में बिठाया परंतु ठग अगले ही कुछ पल में उसकी जेब से करीब 20 हजार रूपए व गले से चांदी की चैन लेकर पार हो गया। युवक कुछ समझ पाता उससे पहले ठग आंखो में धूल झोंककर ओझल हो गया। पीड़ित ने श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स से खबर को साझा कर हमारे क्षेत्र के लोगों को सचेत करने की अपील की है। घटना के बाद दोनों पति पत्नी सहम गए है व पड़ोस में भी लोगों को सचेत रहने की बात कह रहें है। हालांकि पीड़ित ने पुलिस को कोई परिवाद नहीं दी है।
“नागरिक जागरूक होवें तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के लिए घर के दरवाजे नहीं खोले, कोई संद्गिध नजर आए या घर में घुसे तो तुरंत पुलिस को सूचना जरूर देवें, जिससे पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई की जा सकें।“ थानाधिकारी इंद्रकुमार