May 21, 2026
000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 नवम्बर 2024। कटक में कार्य करने वाले कस्बे के निवासी सत्यनारायण नाई को अपने ही सेठ पर भरोसा करना महंगा पड़ गया जब उसने अपने व अपनी जान-पहचान वालों के पैसे सेठ के पास जमा करवा दिए। और रुपए वापस मांगने पर उसे रुपयों की जगह प्रताड़ना मिली। ऐसे में परेशान होकर नाई ने गत 11 सितम्बर को आत्महत्या कर ली एवं भतीजे मनोज नाई द्वारा दो जनों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज करवाया गया था। इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने एवं आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परेशान परिजनों सहित सैन समाज में रोष व्याप्त है। बुधवार को सैन समाज के एक प्रतिनिधि-मंडल ने थानाधिकारी से मुलाकात की एवं मामले में आरोपी अशोक सिपानी एवं राम बाबू की गिरफ्तारी की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में आशीष जाड़ीवाल, बनवारी नाई, संदीप सैन, ज्ञानाराम नाई, गौतम मारू, गोपाल, सूर्य प्रकाश, भरत, विशाल, गोविंद, राकेश, मुन्नालाल, राजू, लालचंद, आशीष, सुनील सैन, कमल कुमार नाई आदि शामिल रहें। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबध में मामले को गंभीरता से नहीं लेने पर पुलिस कार्यप्रणाली के खिलाफ आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है। विदित रहे कि इस संबध में पूर्व में विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त रामगोपाल सुथार ने भी थानाधिकारी से वार्ता की एवं मामले में निष्पक्ष एवं जल्द जांच करने, पीडित परिवार को न्याय दिलवाने की मांग करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करने को कहा।