






शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह प्रारंभ, पांच पंडितों द्वारा प्रतिदिन होगा विशेष पूजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गणेश मंदिर, बिग्गा बास में नवनिर्मित शिव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का समारोह मंगलवार सुबह से धूमधाम से प्रारंभ हुआ। सुबह मंदिर प्रांगण में पांच विद्वान पंडितों द्वारा महाआरती व विधि विधान से पूजन शुरू किया गया। ये पांचों पंडित प्रतिदिन विशेष पूजा अर्चना करेंगे वहीं आज शाम 7 बजे रिद्धि सिद्धि गणेश भगवान की महाआरती की गई। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। वहीं शाम 7.30 बजे सामूहिक गणेशजी आरती और लिंगाष्टकम व शिव महिम्न पाठ का आयोजन संपन्न हुआ। वहीं बुधवार को सुबह विशेष गणेश वंदना व शाम 7 बजे गणेशजी की दिव्य आरती का आयोजन किया जाएगा। बता देवें प्राण प्रतिष्ठा 25 नवंबर को होगी व समारोह संपन्न 26 नवंबर को होगा। इस दौरान लगातार अनेक धार्मिक आयोजन होंगे। मंदिर प्रांगण में विशेष रोशनी की सजावट की गई है वहीं प्रतिदिन ताजा फुलों से देवालय सजाए जा रहें है।

धूम्रपान व नशे का बढ़ता दुष्प्रभाव, राउमावि में आयोजित प्रतियोगिता, विजेताओं को किया पुरस्कृत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राउमावि ताल मैदान में खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव सोनी के निर्देशन में “समाज व छात्रों पर धूम्रपान व नशे के बढ़ते दुष्प्रभाव” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ब्लॉक कार्यालय से कार्यक्रम अधिकारी राकेश थालौड़ ने धूम्रपान से समाज व छात्रों पर पड़ने वाले आर्थिक, मानसिक व सामाजिक दुष्प्रभाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर सुभाष भार्गव, द्वितीय स्थान सुमित व तृतीय स्थान पर सूर्यान मीणा को पुरस्कृत किया गया। बड़ी संख्या में स्कूल छात्र कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में शालाप्रधान व अन्य अध्यापकों ने भाग लिया।

स्वतंत्रता सैनानी लक्ष्मी बाई की जन्म जयंती मनाई।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले परिषद कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता सैनानी महारानी लक्ष्मी बाई की जन्म जयंती मनाई। सिंधी कॉलोनी में स्थित शहीद हेमू कालाणी पार्क में लक्ष्मी बाई के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन किया। सभी सदस्यों ने रानी को श्रद्धांजलि अर्पित की। नगर मंत्री लालचंद मेघवाल की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में बीकानेर भाग संयोजक प्रवीण गुसाईं ने रानी लक्ष्मी बाई के जीवन प्रसंगो के बारे में बताते आज भी महिलाओं के लिए उन्हें प्रेरणा बताया। कार्यक्रम में पूर्व नगर मंत्री राज सारस्वत, किशन शर्मा, बसंती लाम्बा, कांता लाम्बा सहित कार्यकता मौजूद रहें।

एबीवीपी में गुसाई संयोजक व सदस्य बने लालचंद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बीकानेर विभाग का तीन दिवसीय अभ्यास वर्ग ज्ञानविधि पीजी कॉलेज में रविवार को संपन्न हुआ। सोमवार को आयोजित जिला बैठक में लखासर के प्रवीण गुसाई को जिला बीकानेर भाग संयोजक व लालचंद गोयल को जिला कार्यकारिणी सदस्य का दायित्व दिया गया है। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने दोनों युवाओं को संगठन की रीति नीति के अनुरूप कार्य करने व छात्र राजनीति में सक्रिय रहने की बात कही।
रूस्तम धोरा का मार्ग जोडने की मांग, विधायक को भेजा पत्र।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बिग्गाबास रामसरा से आलसर बास तक सड़क जारी करवाने की मांग विधायक ताराचंद सारस्वत से की गई है। नेशनल ऑइल सीड फार्मर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कन्हैयालाल सिहाग ने सारस्वत को ज्ञापन भेजकर बिग्गा बास रामसरा से आलसर बास तक 6 किलोमीटर बीटी सड़क की स्वीकृति जारी करवाने की मांग की। सिहाग ने बताया कि बिग्गाबास रामसरा, आलसर बास, बीदासर, छापर, सुजानगढ़ व लाडनूं से धार्मिक स्थल रूस्तम धोरा जाने के लिए नागरिकों को करीब 40 कीलोमीटर घुमकर आना पड़ता है। इस सड़क के निर्माण से हजारों श्रद्धालुओं व इन इलाकों के नागरिकों को राहत मिल सकेगी। वहीं सिहाग ने जलदाय विभाग के मुख्य अभियंता को ज्ञापन भेजकर गांव में 4 नलकूप की स्वीकृति करने, पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता को ज्ञापन भेजकर अमृतवासी से एनएच 11 तक की सड़क की मरम्मत करवाने की मांगे की है।




