






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 नवम्बर 2024। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की खास खबरें एक साथ।
जारी है वार्डों में जनसम्पर्क, आंदोलन में साथ देने की अपील।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ट्रोमा सेंटर संघर्ष समिति द्वारा ट्रोमा निर्माण जल्द करवाने की मांग पर 46वें दिन भी धरना उपखण्ड कार्यालय के बाहर जारी रहा। शुक्रवार को समिति द्वारा वार्ड 12, 13, 14 में जनसम्पर्क कर आंदोलन में साथ देने की अपील की गई। दिन में धरने पर एवं शाम को वार्डों में हो रही चौपाल सभाओं में आशीष जाड़ीवाल, हरिप्रसाद सिखवाल, भंवरलाल प्रजापत, जावेद बेहलिम, मदनलाल प्रजापत, ममता रोहलन, रवि बारुपाल, राजाराम गोदारा, ओमप्रकाश, रामकिशन गावड़िया, मुकेश ज्यानी, उस्मान, प्रकाश गांधी, जाकिर, ताहिर काजी, आदूराम बाना, हीरालाल पटवारी, तोलाराम ज्यानी, लक्ष्मण राम आदि उपस्थित रहे।

पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स का जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की अवधि बढ़ाई।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राज्य सरकार के सभी पेंशनर्स तथा पारिवारिक पेंशनर्स अब 31 जनवरी 2025 तक जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। कोषाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार के जिन पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स द्वारा जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं करवाया गया है वे कोष कार्यालय में उपस्थित होकर या डिजिटल प्रक्रिया के अनुसार जीवन प्रमाण पत्र जमा करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की निर्धारित तिथि 31 जनवरी 2025 तक बढ़ा दी गई है।
पीबीएम अस्पताल में आधुनिक तकनीक से किया ट्यूमर का जटिल ऑपरेशन, डॉ पारीक की टीम सहित मिली बधाइयां।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से संबंद्ध सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के न्यूरोसर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. कपिल पारीक ने विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश सोढ़ी के मार्गदर्शन में 30 वर्षीय महिला के जटिल ट्यूमर का मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत निःशुल्क ऑपरेशन किया। डॉ. पारीक ने बताया कि यह मरीज पिछले एक वर्ष से मीर्गी के दौरे का उपचार उनसे ले रही थी कुछ समय पश्चात मरीज को जब ऑपरेशन की सलाह दी गई लेकिन किन्हीं कारणों से परिजन निर्णय नहीं ले पाए, इस दौरान ट्यूमर बढ़ जाने पर मरीज का ऑपरेशन करना अनिवार्य हो गया । डॉ. कपिल पारीक ने जानकारी देते हूए कहा कि मरीज का ऑपरेशन अवेक क्रेनियोटॉमी तथा न्यूरोनेविगेशन गाइडेड आधुनिक तकनीक द्वारा किया गया। अवेक क्रेनियोटॉमी में मरीज ऑपरेशन के दौरान होश में रहा, तथा मरीज़ को अपने हाथों पैरों की हरकतें करने के लिए बोला जाता रहा , मरीज़ बीच बीच में बात भी करती रही, ताकि ऑपरेशन करने के दौरान अगर मरीज़ के हाथों पैरों में कोई कमज़ोरी आने जैसा आभास लगे तो ऑपरेशन वहीं रोक दिया जाए जिससे मरीज़ के हाथ पैर में कमज़ोरी न आए । इसी के साथ ट्यूमर पूर्णतया व सटीकता के साथ निकल जाए इसके लिए नई तकनीक न्यूरोनेविगेशन गाइडेड ट्यूमर सर्जरी का उपयोग किया गया । इसके अंतर्गत ऑपरेशन वाले एरिया को नेविगेशन मशीन की गाइडेंस में ब्रेन ट्यूमर निकाला गया जिससे अधिक से अधिक ब्रेन ट्यूमर निकाला जा सके व कम से कम सामान्य ब्रेन को नुक़सान हो । ओपरेशन पूर्णतया सफल रहा व ऑपरेशन के बाद मरीज़ पूरी तरह से स्वस्थ है । पीबीएम अधीक्षक तथा एनिस्थिसिया विशेषज्ञ डॉ. सोनाली धवन, न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश सोढ़ी, डॉ. गरीमा सारस्वत, डॉ. विशाल देवड़ा, डॉ. नेहा, डॉ. रितु गौड़ डॉ. रितेश, डॉ रामसिंह नर्सिंग स्टाफ विष्णु का विशेष सहयोग।
एक दिवसीय प्रशिक्षण में जाना सामाजिक अंकेक्षण के प्रभावी तरीकों को।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शुक्रवार को बीकानेर स्थित जिला परिषद के सभागार में सामाजिक अंकेक्षण पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले भर के 44 ब्लॉक संसाधन व्यक्तियों ने भाग लिया एवं इसमें श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से भी शामिल हुए। काय्रशाला में मास्टर ट्रेनर नंदलाल शर्मा, गोपाल जोशी, अभिषेक गोयल आदि ने सामाजिक अंकेक्षण के प्रभावी तरीकों के बारे में प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण का संचालन सुनील जोशी ने किया।





