May 21, 2026
WhatsApp Image 2024-12-12 at 20.20.43

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 दिसम्बर 2024। श्रीडूंगरगढ़ कृषि उपज मंडी में चल रही सर्मथन मूल्य पर मूंगफली की सरकारी खरीद में हर दिन कोई ना कोई विवाद सामने आ रहा है। गुरूवार को तुलवाई फर्म द्वारा अपनी मनमर्जी से ही तुलवाई के नाम पर लिया जाने वाला खर्च अचानक से बढ़ा दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार के तुलवाई टेंडर में 10 रुपए प्रति बोरी शुल्क तय किया गया है एवं यह शुल्क किसान से ही वसूला जाता है। इसी टेंडर एग्रीमेंट के अनुसार ही 11 दिसम्बर तक माल तुलवाई करवाने वाले किसानों से यही शुल्क वसूला गया। लेकिन गुरूवार 12 दिसम्बर को सुबह से तुलवाई की नई दर 14 रुपए प्रति बोरी कर दिया गया। ऐसे में प्रति टोकन के 40 क्विंटल माल में 114 बोरी तुलवाई हो रही है एवं प्रति किसान 1140 रुपए की जगह 1596 रुपए वसुल लिए गए। श्रीडूंगरगढ़ खरीद केन्द्र पर प्रतिदिन औसतन 200 से अधिक टोकनों की तुलवाई होती है एवं 456 रुपए प्रति किसान से अधिक वसूले गए तो यह राशी हजारों रुपए में जा रही है। माना जा रहा है कि गुरूवार को एक ही दिन में 50 हजार से अधिक की अतिरिक्त राशी तुलवाई फर्म द्वारा किसानों से वसूली जा चुकी है। इस बात का पता चलने पर खरीद एंजेसी क्रय विक्रम सहकारी समिति के संचालक मंडल सदस्य नत्थूनाथ मंडा खरीद केन्द्र पहंचें एवं अवलोकन करते हुए नियमविरूद्ध वसूली का विरोध किया। मंडा के साथ किसानों ने भी विरोध की आवाज बुलंद की तो मामला गर्मा गया। विरोध बढ़ते देख तुलवाई फर्म ने गुरूवार शाम से तुलवाई करवाने वाले किसानों की दरें पुन: कम कर दी एवं 10 रुपए प्रति बोरी से ही तुलवाई खर्च की रसीद काटी एवं वसूला। मंडा ने बताया कि मंडी में व्यापारियों द्वारा ही 9 रुपए प्रति बोरी तुलवाई खर्च किसानों से लिया जाता है एवं यहां तो बड़ी मात्रा में एक साथ निश्चित काम होने के कारण दरें कम होनी चाहीए थी। फिर भी टेंडर में दस रुपए की रेट स्वीकृत की गई। हमारा तो इसका भी विरोध था लेकिन टेंडर से भी कहीं अधिक राशी वसुलना तो एकदम अवैध है। हमनें मांग की है कि दिन भर में कितने किसानों से अधिक राशी वसुली की गई है इसकी जांच हो एवं जांच के बाद किसानों को राशी रिफंड करवाई जाए। इस संबध में समिति अधिकारियों को अवगत करवाया गया है एवं किसानों के साथ न्याय नहीं होने पर उच्चाधिारियों तक शिकायत पहुंचाई जाएगी। मंडा ने खरीद केन्द्र पर व्यापक भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए है।