






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 दिसंबर 2024। राजस्थान सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन जयपुर के निकट दादिया गांव में कल 11 बजे आयोजित होगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे। प्रशासन आयोजन के लिए भीड़ एकत्र करने में जुटा है। सभी अधिकारी लाभार्थियों सहित अन्य नागरिकों को ले जाने के लिए प्रयासरत है। श्रीडूंगरगढ़ अंचल की विभिन्न ग्राम पंचायतों से शाम को बसें रवाना होगी। सभी बसें एक साथ शाम करीब 7-8 बजे पंचायत समिति के सामने से रवाना होगी। दो बसें केवल महिलाओं के लिए होगी। सभी के लिए रात्रि भोजन की व्यवस्था सीकर में की गई है। अनेक ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी समारोह में शामिल होने जयपुर जाएंगे। वहीं जिला प्रवेश की सीमा पर हाइवे पर गांव कितासर में चेक पोस्ट पर पूरे जिले से समारोह में भाग लेने जाने वाली बसों की संख्या व उनके यहां से निकलने का समय रिकॉर्ड किया जाएगा। इससे झूठे दावे करने वालों की पोल भी खुल सकेगी। बता देवें पूरे राज्य का प्रशासन समारोह को लेकर खासा एक्टिव है और वृह्द स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही है।



