May 20, 2026
000000000000000

अयोध्या पैदल यात्री संघ पहुंचा मेंहदीपुर, किए बाबा के दर्शन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ से अयोध्या के लिए रवाना हुए पैदल यात्री मंगलवार को 10वें दिन मेंहदीपुर बालाजी पहुंचे। यहां यात्रियों ने बाबा के जयकारे लगाते हुए दर्शन किए। यहां फतेहचंद तूनवाल, नोरंग प्रजापत, प्रदीप माली, श्याम पारीक, महेश सिखवाल पदयात्रियों ने 450 किलोमीटर की यात्रा पूर्ण कर ली है।


बाना ने शिक्षा मंत्री को भेजा पत्र, मणकरासर में शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पीसीसी सदस्य हरीराम बाना ने मंगलवार को शिक्षा मंत्री सहित शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर गांव मणकरासर के राउमावि में शिक्षकों की नियुक्ति तुरंत करने की मांग की है। बाना ने पत्र में बताया कि स्कूल में 320 छात्र छात्राएं अध्ययनरत है और यहां एकसाथ 8 शिक्षकों को अन्यत्र भेजने से शिक्षण व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हो गई है। जिसे लेकर विद्यार्थियों अभिभावकों व ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। विद्यार्थियों की परेशानी व स्कूल व्यवस्था को देखते हुए विभाग शीघ्र विद्यालय में रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति कर शिक्षण व्यवस्था को सुचारू रखने का कार्य करें।
गोदारा पहुंचे मंडी, खरीद प्रारंभ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंगलवार सुबह 10 बजे समर्थन मूल्य के खरीद केंद्र पर कांग्रेस नेता केसराराम गोदारा पहुंचे। गोदारा ने बताया कि मंगलवार को तुलाई शुरू की गई और किसानों को राहत मिल सकी है। अनेक किसानों ने गोदारा का आभार जताया।


किशन, कमलेश व लोकेंद्र खेलेंगे नेशनल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बेसबॉल प्रतियोगिता में नेशनल में खेलने के लिए क्षेत्र के तीन खिलाड़ियों का राजस्थान की टीम में सलेक्शन हुआ है। खिलाड़ी किशन पूनियां, कमलेश सैन व लोकेंद्र का चयन हुआ है। संघ के सचिव सुबोध मिश्र ने बताया कि पंजाब के संगरूर जिले में 26-30 दिसंबर 2024 तक आयोजित 37वीं सीनियर प्रतियोगिता में खेलेंगे। मिश्रा ने बताया कि राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बीकानेर की टीम उपविजेता रही और अब इस टीम के 3 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। राजस्थान टीम में चयनित खिलाड़ियों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर जयपुर में आयोजित किया गया। श्रीडूंगरगढ़ स्टार क्लब के संचालक मोहन पूनिया सहित महेश भाटी, प्रियंका लेघा, कृष्णावतार सुथार, गोपी पूनिया, अशोक बिश्नोई, राकेश घोटिया, किशन जाट, मुकेश गोदारा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।