






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 जनवरी 2024। क्षेत्र के गांव धीरदेसर चोटियान में शराब बंदी को लेकर बुधवार को 123 वें दिन धरना जारी रहा। धरना स्थल पर आज पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया पहुंचे। महिया ने पुलिस व प्रशासन को घेरते हुए शराब बंदी के लिए चुनाव की मांग कर रहें ग्रामीणों की सुनवाई नहीं किए जाने के आरोप लगाए। महिया ने वर्तमान विधायक पर भी नशे के खिलाफ ग्रामीणों की जागरूकता को अनदेखा व अनसुना करने के आरोप लगाए। महिया ने सुनवाई नहीं होने पर 5 जनवरी को दिवंगत नेता दानाराम भामूं की प्रथम पुण्यतिथि पर उपखंड मुख्यालय पर नशा मुक्ति रैली निकाले जाने का ऐलान किया। महिया ने कहा कि युवा वर्ग नशे की चपेट में दिग्भ्रमित हो रहा है और ऐसे में विधायक व प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ उनके हित में कार्य करना चाहिए। धरना स्थल पर एडवोकेट श्यामसुदंर आर्य ने कहा कि हम शांति पूर्वक लंबे समय से गांव के सामाजिक ताने बाने व भावी पीढ़ी को नशावृत्ति से बचाने के लिए संघर्षरत है। गांव के युवा उग्र आंदोलन को उद्वेलित है और सुनवाई नहीं होने पर शीघ्र ही बड़ा निर्णय लिया जाएगा। उपप्रधान प्रतिनिधि मालचंद नैण ने धरने को आमजन के हित में बताते हुए प्रशासन से सुनवाई किए जाने की मांग की। बुधवार को धरना स्थल पर नौरंगलाल, जयनारायण, वार्ड पंच मुन्नीराम, सीताराम, चम्पालाल, राहुल बारोटिया, ओमप्रकाश, मालाराम, रावतराम नायक, सांवरमल सहू, कानाराम, रामकिशन, नरेश, केशराराम, कुलदीप, रामकुमार, किशन चोटिया शामिल हुए।




