May 20, 2026
evee

गुसाईंसर बड़ा की दो बालिकाएं राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में खेलेंगी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव गुसाईंसर बड़ा की दो बालिकाएं कविता पुत्री गणेश कुमार गोदारा व रामकन्या पुत्री तोलाराम गोदारा खो-खो में राजस्थान की टीम में चयनित हो गई है। दोनों बालिकाएं 14 वर्षीय स्कूली प्रतियोगिताओं के नेशनल में खेलेंगी। आदर्श स्कूल के प्रधानाचार्य दिनेश गोदारा ने दोनों बालिकाओं को बधाई देते हुए बताया कि कविता का दूसरी बार नेशनल खेलेगी। कोच गोरधन खिलेरी ने बालिकाओं को बधाई दी। खिलेरी ने बताया कि दोनों बालिकाएं गत चार वर्षों से लगातार खो खो का प्रशिक्षण ले रही है। बालिकाओं की इस सफलता से गांव में प्रसन्नता का माहौल है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दोनों बालिकाओं को ग्रामीणों ने दी बधाइयां, खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल।

श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में खेल सप्ताह शुरू, महर्षि ने दी नियमित खेलने की प्रेरणा। 
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में गुरुवार से खेल सप्ताह शुरू हुआ। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. विनोद सुथार ने ‘खेलों की जीवन मे उपयोगिता’ विषय पर विचार व्यक्त किये। सात दिवसीय खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ पर महाविद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव श्याम महर्षि ने कहा कि खेल तन एवं मन दोनों को स्वस्थ रखने का माध्यम है। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, समय प्रबंधन, अवलोकन, आत्मविश्वास, निर्णयन, आज्ञापालन, नेतृत्व, धैर्य, सामंजस्य, संतुलन एवं कर्मठता जैसे गुणों का सहज विकास होता है। खेल व्यक्तित्व विकास के श्रेष्ठ आयाम हैं। महर्षि ने कहा कि हार या जीत कुछ भी हो खेलों में सहभागिता करने वालों को बराबर लाभ मिलता है। उन्होंने सभी छात्राओं से खेल प्रतिस्पर्धाओं में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। प्रबंधन समिति के उपसचिव रामचंद्र राठी ने अंतर महाविद्यालय खेल प्ररिगोगिताओं में विश्वविद्यालय स्तर पर गोल्ड मैडल विजेताओं को 11 हजार, सिल्वर विजेता को 5100 व ब्राज मैडल विजेताओं को 3100 रुपये की राशि पुरस्कार स्वरूप महाविद्यालय द्वारा देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय समिति ने खेल को प्रोत्साहित करने के लिए इस राशि की घोषणा की है। खेलकूद गतिविधियों के प्रभारी कोच मुकेश जांगिड़ ने बताया कि खेल सप्ताह के प्रथम दिन म्यूजिकल चेयर प्रति स्पर्द्धा में 50 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया। खेल सप्ताह के दौरान कल शुक्रवार को रस्साकशी एवं कैरम प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। आगामी दिनों में खो-खो, कबड्डी, ऊंची कूद, लंबी कूद, दौड़ 100, 200 एवं 400 मीटर तथा रिले-रेस एवं मौखिक प्रश्नोत्तरी की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।

प्राइवेट स्कूल संचालकों की बैठक में अपार आईडी बनाने को गति देने के निर्देश।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा कार्यालय बीकानेर के रमसा कॉन्फ्रेंस हॉल में जिले के गैर सरकारी स्कूल संचालकों की बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र शर्मा ने कहा कि जिले में विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने के कार्यक्रम को गति दी जाए। जिला शिक्षा अधिकारी गजानंद सेवग ने कहा की सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत सभी स्कूलों में सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यक्रम किए जाए। निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं की जाए रेलियां निकाली जाए। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी सुनील बोडा ने परीक्षा पर चर्चा में ज्यादा से ज्यादा रजिस्ट्रेशन करवाने की अपील की। यू डाइस प्रभारी दामोदर भाटी ने यू डाइस पर विद्यार्थी मॉडल, टीचर मॉडल एंड स्कूल प्रोफाइल को समय रहते पूर्ण करने को कहा। गैर सरकारी स्कूलों की ओर सेवा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कोडाराम भादू ने आपार आईडी बनाने में आ रही समस्याओं से अधिकारियों को अवगत करवाया। बाल वाहिनी के संबंध में परिवहन नियमों की पालना करने का भरोसा दिलाया। सेवा संगठन की और से मीटिंग में प्रदेश मीडिया प्रभारी शैलेश भदानी वह नगर संयोजक शैलेंद्र यादव ने भाग लिया। बैठक में उपस्थित सभी प्राइवेट स्कूल संचालकों ने शिविरा कैलेंडर की पालना करने का भरोसा दिलाया तथा जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा की कोई भी शिविरा कैलेंडर की अवहेलना करते पाया गया तो उसके खिलाफ विभाग सख्त कार्रवाई करेगा।