






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 जनवरी 2025। क्षेत्र के एक युवक को यूपी के गोरखपुर कोतवाली पुलिस ने 35 लाख की धोखाधड़ी करने व पिस्टल के बल पर 12 हजार रूपए लूट लेने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीडूंगरगढ़ के गुसाईंसर बड़ा निवासी नंदलाल उर्फ नंदू सारस्वा को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। कुशीनगर, कसया, मंझरिया निवासी व कुशीनारा फोरेंस कंपनी के निदेशक अनिल कुमार सिंह ने 29 जुलाई 2024 को पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया था। परिवादी ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसके मित्र का कर्मचारी था और अक्सर उसकी कंपनी में आता जाता था। कई बार उसे बैंक में रूपए जमा करवाने की जिम्मेदारी भी दी जाती थी। एक दिन नंदलाल को 35 लाख रूपए बैंक में जमा करवाने के लिए दिए परंतु वह लौटकर नहीं आया। उसने धोखाधड़ी करते हुए रकम हड़प ली। जब परिवादी व उसका दोस्त उससे रूपए मांगने गए तो आरोपी ने पिस्टल तान दी धमकाते हुए उनके पास रखे 12 हजार रुपए भी लूट लिए। यूपी पुलिस द्वारा मामले की तहकीकात जारी है।



