






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 जनवरी 2025। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत प्रदेश भर में गिवअप अभियान चलाया गया। इस अभियान में राज्यभर में 7.5 लाख लाभार्थियों ने अपना नाम स्वतः कटवाया। वहीं श्रीडूंगरगढ़ में 186 परिवारों के 802 लोगों ने गिवअप किया है।बता देवें सक्षम व्यक्तियों द्वारा स्वेच्छा से नाम हटाने के लिए 31 जनवरी 2025 तक का समय अभी शेष है। विभाग ने प्रत्येक उचित मूल्य दुकानदार के पास स्वेच्छा से लाभ त्याग के फॉर्म उपलब्ध करवाए है। विदित रहें श्रीडूंगरगढ़ शहर में 8,744 परिवार के 37,658 सदस्य योजना का लाभ ले रहें है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में 24937 परिवारों के 1,11,560 सदस्य योजना का लाभ ले रहें है।
सर्वे कर जरूरतमंदो को जोड़ने की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। खाद्य सुरक्षा योजना में जरूरतमंद परिवारों को जोड़ने की मांग गत करीब पांच वर्षों से विभिन्न स्तरों पर उठाई जा रही है। ऐसे में पूर्व पार्षद आशीष जाड़ीवाल, हरीप्रसाद सिखवाल, भंवरलाल, जगदीश बाना ने उपखंड अधिकारी के नाम पत्र देकर क्षेत्र में सर्वे करवाकर जरूरतमंद परिवारों को योजना में जोड़कर लाभ देने की मांग की है। इसी के साथ इस प्रतिनिधि मंडल ने कालू लिंक रोड का निर्माण शीघ्र पूरा करवाने, घुमचक्कर के निकट वन विभाग की भूमि पर बस स्टैंड का निर्माण करवाने, शहर की पानी निकासी के लिए व्यवस्था करवाने, बीदासर रोड पर ओवर ब्रिज का कार्य शीघ्र किए जाने की मांगे भी उठाई।
एक उचित मूल्य दुकानदार का लाइसेंस निरस्त।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला रसद अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीडूंगरगढ़ में उचित मूल्य दुकानदार लक्ष्मीनारायण का प्राधिकार पत्र निरस्त कर दिया गया है। वहीं उनकी प्रतिभूति राशि जब्त करने का आदेश दिया गया है।



