






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 जनवरी 2025। युवाओं में अवैध शराब बेच कर कम समय में अधिक रूपए कमा लेने की प्रवृत्ति के कारण गली मोहल्लों में शराब के विक्रेता बढ़ने लगे है। बुधवार को एक युवक कट्टे में ढोला मारू देशी शराब लेकर बेचने निकला। पुलिस को युवक के हाइवे से आदर्श नगर के भीतर जाने वाली गली में खड़े होने की सूचना मिली। एएसआई रामावतार, कांस्टेबल अनिल, इंद्रचंद व राजवीर गश्त के लिए निकले थे और इत्तला मिलने पर मौके पर पहुंचे। यहां पुलिस ने देर रात एक युवक को कट्टा लिए खड़ा पाया। पुलिस को देख कर युवक कट्टा फैंक कर मौके से दौड गया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को पहचानते हुए मोमासर बास निवासी अर्जुन वाल्मिकी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया व कट्टे में से 46 पव्वे ढोला मारू देशी शराब के जब्त की। मामले की जांच एएसआई राजकुमार करेंगे।



