May 20, 2026
WhatsApp Image 2025-01-30 at 21.35.26

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 जनवरी 2025। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की 9 खास खबरें एक साथ एक नजर में, देखें आयोजनों के फोटो भी।

करणी कथा के दौरान आयोजित हुआ नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे में आयोजित की जा रही करणी कथा के दौरान कथावाचक महंत डॉ करणी प्रताप सिंह की प्रेरणा से शताक्षी सेवा संस्थान जयपुर द्वारा कथास्थल पर नि:शुल्क नेत्र जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डॉ गिरिजा चारण एवं डॉ देवेन्द्र ने सेवाएं देते हुए 367 लोगों की नेत्र जांच कर परार्मश एवं उपचार दिया। शिविर के तहत शुक्रवार को नि:शुल्क चश्मों का वितरण किया जाएगा एवं विभिन्न नेत्र रोगों से संबधित जरूरतमंद रोगियों का जयपुर में नि:शुल्क आपरेशन हेतु चयन भी किया जाएगा।

पूर्व विधायक की अगुवाई में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने किया गांधी को नमन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर कस्बे के गांधी पार्क में पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें नमन किया गया। गोदारा सहित राधेश्याम सारस्वत, कन्हैयालाल सोमानी, विमल भाटी, तुलसीराम गुरावा, ओमप्रकाश गुरावा, रामकिशन गावडीया, नारायण चंद झंवर, प्रहलाद सोनी, हीरालाल जाट, श्याम सुंदर दर्जी, राजेश मंडा, प्रकाश दुसाद, अयूब दमामी, श्याम सुंदर प्रजापत, हेमदास स्वामी आदि कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने गांधी को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चल कर देश में साम्प्रदायिक ताकतों को रोकने एवं सर्वधर्म समभाव का माहौल बनाने की बात कही।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांधी पार्क में किया गया महात्मा गांधी को नमन।

राजकीय महाविद्यालय में मनाया शहीद दिवस।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर स्थानीय राजकीय महाविद्यालय में चल रहे सांस्कृतिक एवं खेलकूद सप्ताह के तहत शहीद दिवस कार्यक्रम मनाया गया। कार्यक्रम संयोजक व्याख्याता राजश्री स्वामी ने गांधी के जीवन चरित्र की जानकारी दी एवं सहायक आचार्य निशा सोड़ा ने विद्यार्थियों को देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी का भान जीवन में रखने को कहा। कार्यक्रम में विद्यार्थी हर्षिता, राधा, पूजा, सानिया ने देशभक्ति कविताओं की प्रस्तुतियां दी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजकीय महाविद्यालय में गांधी चरित्र पर व्याख्यान देती राजश्री स्वामी।

राउमावि में आयोजित हुआ स्वास्थ्य शिविर, 14 विद्यार्थी किए गए चिकित्सालय रैफर।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरूवार को ताल मैदान स्थित पीएमश्री राउमावि में एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। जिसमें डॉ विनोद कुमार, डॉ आयुष जानू, सीएचओ इंद्र कुमार, नर्सिंग ऑफिसर प्रियंका ढाका, एएनएम कमलेश, फार्मासिस्ट बनवारी लाल एवं अंकिता मुटरेजा ने सेवाएं देते हुए विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस मौके पर शुगर, बीपी, हीमोग्लोबिन, नेत्र ज्योति आदि जाँचें भी की गई एवं दवाईयां भी प्रदान की गई। इस दौरान नेत्र, खुन की कमी, दंत, चर्म आदि से रोगों से ग्रसित 14 बच्चों को उपजिला चिकित्सालय रैफर किया गया। शिविर समापन पर प्राचार्य डॉ मनीष कुमार सैनी, गतिविधि प्रभारी बालाराम मेघवाल, सहायक प्रभारी लीलाधर, एसडीएमसी सचिव दीपक चौधरी, व्याख्याता मदनलाल कड़वासरा, दुर्गादेवी, भंवरलाल स्वामी, सुखाराम रैगर, श्रीमती कविता जानू, रमेश कुमार बिट्ठु आदि ने आभार जताते हुए चिकित्सा टीम को शॉल एवं प्रतीक प्रदान कर सम्मानित किया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शिविर समापन पर चिकित्सक टीम का किया गया अभिनंदन।

महासंघ पदाधिकारियों का अभिनंदन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्री छ: न्याति ब्राह्मण महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष पाराशर नारायण शर्मा की अगुवाई में महासंघ के पदाधिकारियों की सपरिवार यात्रा बीकानेर से प्रयागराज के लिए की जा रही है। इस यात्रा के श्रीडूंगरगढ़ पहुंचने पर महासंघ के महामंत्री ओंकारमल शर्मा, जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा, जिला कार्यकारिणी सदस्य कपिल शर्मा आदि का श्रीडूंगरगढ़ पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा, महासंघ तहसील अध्यक्ष आईदान पारीक, महामंत्री एडवोकेट प्रवीण पालीवाल, जगदीश सिखवाल, गजानंद शर्मा, रामनिवास पांडिया, रजत आसोपा, सतीश पारीक, मनोज कायल, अशोक पारीक, चेतन आदि ने अभिनंदन किया। प्रदेशाध्यक्ष पाराशर नारायण शर्मा ने महासंघ के उद्देश्यों और सामाजिक एकता को लेकर अपने विचार रखे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। छ: न्याति ब्राह्मण महासंघ के पदाधिकारियों का किया गया अभिनंदन।

श्रीडूंगरगढ़ के युवा ने विधानसभा अध्यक्ष से की मुलाकात, मांगा सिद्ध समाज के विकास में सहयोग।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव ऊपनी के निवासी एवं जयपुर प्रवासी सिद्ध समाज के युवा मांगीनाथ सिद्ध ने जयपुर में राज्य की विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से मुलाकात की एवं सिद्ध समाज विकास समिति के बैनर पर समाज के विकास में सहयोग मांगा। सिद्ध ने देवनानी का अभिनंदन करते हुए उन्हें देवश्री जसनाथजी की छवी भेंट की एवं जयपुर में सिद्ध समाज के छात्रावास हेतू भूमि का आंवटन करवाने एवं श्री सिद्धेश्वर जसनाथ कल्याण बोर्ड का गठन करवाने, केन्द्र स्तर पर सिद्ध जाति को ओबीसी में शामिल करवाने, राजनीति में सिद्ध समाज का प्रतिनिधित्व देने एवं सिद्धसमाज के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण व विकास करवाने की मांग की।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के युवा ने की विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात।

श्रीडूंगरगढ़ से देशनोक के लिए डाक ध्वजा 6 अप्रेल को।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के आडसर बास करणी माता मंदिर से देशनोक करणी माता मंदिर तक युवाओं द्वारा डाक ध्वजा पहुंचाई जाएगी। आडसर करणी मंदिर से देशनोक के लिए यह द्वितीय डाक ध्वजा होगी एवं युवाओं की टोली इसकी तैयारी में जुट गई है। आयोजक मंडल के चंदन सोनी ने बताया कि 6 अप्रेल को सुबह 7 बजे यह ध्वजा गाजे बाजे के साथ रवाना होगी।

बाजार में खोए जरूरी कागजात, ढूंढने की अपील।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव हेमासर के निवासी बुजुर्ग ग्रामीण भंवरलाल गोदारा के जरूरी कागजात बुधवार को श्रीडूंगरगढ़ आने के दौरान मुख्य बाजार स्थित टैक्सी स्टैण्ड़ के पास कहीं गिर गए है। गोदारा ने बताया कि कागजान में राशन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं पेंशन पेमेंट ऑर्डर आदि शामिल थे। गोदारा ने किसी को भी मिलने पर 8890604255 या 8696769194 पर सूचना देने की अपील की है।

खुशियों में शामिल की गौ-सेवा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र में गौमाता की सेवा के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ रही है एंव अपने दैनिक जीवन की खुशियों में गौसेवा को शामिल कर रहे है। गुरूवार को गांव कोटासर में स्थित करणी गौशाला में भोजास के गोर्वधनसिंह राजपुरोहित द्वारा गुडगांव में नया फ्लैट लेने पर एवं बीकानेर की दिव्या बोहरा ने अपने जन्म दिवस के मौके पर गौशाला में लापसी भंडारा करवाया है।