May 21, 2026
0000000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 फरवरी 2025। केंद्र सरकार द्वारा किसानों को अब 11 अंकों का एक यूनिक फार्मर आईडी दिया जाएगा। जिससे किसान सभी सरकारी योजनाओं से सीधे जुड़ सकेंगे। इसके लिए प्रशासन ने शिविरों के आयोजन की तैयारी पूरी कर ली है। प्रदेश भर में ग्राम पंचायत स्तर पर 5 फरवरी से 31 मार्च तक फार्मर रजिस्ट्री शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में किसानों को मौके पर 11 अंक की यूनिक आईडी जारी की जाएगी। इसके अतिरिक्त पंचायतराज विभाग की विभिन्न योजनाओं का रजिस्ट्रेशन एवं फायदा भी इन शिविरों में दिया जाएगा।
फार्मर आईडी में दर्ज होने वाली जानकारी, मिलेगा योजनाओं का लाभ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) रघुवीर सुथार ने बताया कि फार्मर आईडी के लिए किसान का नाम, पिता का नाम, खेत का खसरा नंबर, मोबाइल नंबर व आधार नंबर की जानकारी दर्ज की जाएगी। इस आईडी के माध्यम से किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की किश्त के साथ फसल बीमा का लाभ, खराबे की स्थिति में किसानों का चिन्हीकरण करना आसान होगा, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए किसानों का स्वतः रजिस्ट्रेशन हो जाएगा, किसानों को कल्याण की अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए बार-बार सत्यापन या रजिस्ट्रेशन नहीं कराना पड़ेगा।
फार्मर रजिस्ट्री शिविरों में किसानों को जन्म मृत्यु पंजीयन प्रमाण पत्र, लंबित पट्टों का निस्तारण, विमुक्त घुंमतु एवं अर्द्ध घुंमतु के लिए पटटा आवंटित करने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थियों का वार्षिक सत्यापन करवाने एवं परिसंपत्ति रजिस्टर संधारित करवाने की सुविधाएं भी मिल सकेगी।
5 फरवरी को इंदपालसर से प्रारंभ व 29 मार्च मोमासर से संपन्न होंगे शिविर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिले भर में जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने फार्मर रजिस्ट्री शिविरों के आयोजनों की उपखंड वार तिथियां जारी कर दी है। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में 5 फरवरी से 29 मार्च तक ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर शिविरों का आयोजन होंगे। सभी ग्राम पंचायतों में तीन दिवसीय शिविर होंगे जिनमें ग्रामीणों को फार्मर आईडी देने के साथ विभिन्न कार्य किए जाएंगे। क्षेत्र की ग्राम पंचायत इंदपालसर सांखलान में 5 फरवरी से 7 फरवरी तक, इंदपाल गुसाईंसर व बाडेला में 10 फरवरी से 12 फरवरी तक, जैसलसर, कितासर भाटियान, बापेऊ, जोधासर व समंदसर में 17 फरवरी से 19 फरवरी तक शिविर का आयोजन होगा। ग्राम पंचायत बाना, कुंतासर, राजेडू, सुरजनसर, दुलचासर में 19 फरवरी से 21 फरवरी तक, सेरूणा, धनेरू, दुसारणा पंडरिकजी, ठुकरियासर व जेतासर में शिविर 24-, 25-27 फरवरी को होगा। बिग्गाबास रामसरा, सांवतसर, सोनियासर मिठिया, उदरासर, श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका क्षेत्र के किसानों के लिए शिविर 3 मार्च से 5 मार्च तक होगा। बिग्गा, टेऊ, गुसाईसर, पुदंलसर, रीड़ी में 5 मार्च से 7 मार्च तक, धीरदेसर चोटियान, लिखमादेसर, लिखमीसर दिखणादा, कुनपालसर, ऊपनी में 10 मार्च से 12 मार्च शिविर होंगे। तोलियासर, धर्मास, देराजसर, कल्याणसर, आड़सर में शिविर 17 मार्च से 19 मार्च तक, कितासर बीदावतान, सत्तासर, जाखासर, डेलवां, पूनरासर में शिविर 19 से 21 मार्च तक, सूडसर, बींझासर, कल्याणसर नया, सोनियासर शिवदानसिंह, बेनीसर में शिविर 24 मार्च से 26 मार्च तक, जालबसर, बरजांगसर, लिखमीसर उत्तरादा, लखासर, मिंगसरिया, मोमासर में शिविर 27 मार्च से 29 मार्च तक आयोजित होंगे।