






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 फरवरी 2025। सैंकड़ों साल पहले अपनी तपस्या के बल पर मुगल बादशाह औरंगजेब को भी सनातन धर्म के चमत्कार दिखाने वाले गुरू श्रीहंसोजी महाराज की तपोस्थली गांव लिखमादेसर क्षेत्र में श्रृद्धा के साथ साथ धार्मिक पर्यटन का केन्द्र भी बनता जा रहा है। गत वर्ष भव्यतम मंदिर के लोकार्पण एवं मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह कई संतों के सानिध्य में हजारों श्रृद्धालुओं की आस्था के साथ आयोजित किया गया था। इस मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के प्रथम वार्षिकोत्सव के रूप में मंदिर प्रांगण में आयोजित हो रहा 7 दिवसीय समारोह बुधवार को पूर्ण हो रहा है। इस मौके पर बुधवार को समारोह के अंतिम दिन सुबह गांव में प्रवेश पर हंसोजी मंदिर से पहले बने नए भव्य प्रवेश द्वार का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। महंत भंवरनाथ ज्याणी एवं गांव के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मुकननाथ सिद्ध की प्रेरणा से दानदाता मोहनलाल सिंघी द्वारा इस प्रवेश द्वार का निर्माण करवाया गया है एवं लोकार्पण के मौके पर बड़ी संख्या में क्षेत्र के प्रबुद्धजन एवं श्रृद्धालु मौजूद रहे। लोकार्पण के लिए मंदिर प्रांगण से प्रवेश द्वार तक गाजे बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई एवं दानदाता मोहनलाल सिंघी, महंत भंवरनाथ ज्याणी, अतिथि पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा एवं अणुव्रत समिति अध्यक्ष सुमति कुमार पारख द्वारा फीता काट कर प्रवेश द्वार लोकार्पित किया गया। इस मौके पर कथा पांडाल में सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। जिसमें ग्रामीणों द्वारा सरपंच प्रतिनिधि राधेश्याम सिद्ध की अगुवाई में दानदाता मोहनलाल सिंघी का सम्मान भगवा साफे, स्मृति चिन्ह् के साथ सोने की अंगुठी पहना कर किया गया। पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा का भी इस मौके पर अभिनंदन किया गया एवं वर्तमान महंत भंवरनाथ ज्याणी के सानिध्य में हुए मंदिर विकास के लिए महंत का भी ग्रामीणों ने अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में बाडमेर, जोधपुर, बालोतरा, हरियाणा, श्रीगंगानगर से जसनाथी अनुयायी भी पहुंचे है एवं स्थानीय श्रृद्धालुओं, ग्रामीणों के साथ साथ श्रीडूंगरगढ़ से नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में गत वर्ष हुए मंदिर लोकार्पण समारोह के दौरान सबसे बड़ी करोड़ों रुपए से मंदिर कलश की बोली लगाने वाले सांचौर के समाजसेवी मालाराम ज्याणी भी अतिथि रूप में मौजूद रहे।
यह हुई घोषणा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव लिखमादेसर में स्थित हंसोजी धाम प्रांगण में गुरू हंसोजी एवं गुरू जसनाथजी के अनुयायियों द्वारा महंत भंवरनाथ ज्याणी के सानिध्य में सामूहिक रूप से करोड़ों रुपए की लागत से दक्षिण भारतीय शैली में विशाल एवं भव्य मंदिर का निर्माण करवाया गया है। इसके साथ ही अब मंदिर प्रांगण में पार्क विकसीत किया जा रहा है एवं दानदाता मोहनलाल सिंघी द्वारा प्रवेश द्वार का निर्माण भी करवाया गया है। बुधवार को द्वार लोकार्पण के मौके पर दानदाता मोहनलाल सिंघी द्वारा मंदिर परिसर में बड़े हॉल एवं बरामदे के रूप में स्थाई मंच का निर्माण करवाने की घोषणा की गई। वहीं पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा द्वारा अपनी पुत्रवधु प्रधान सावित्री देवी के कोटे से मंदिर की अधूरी चारदिवारी पूर्ण करवाने की घोषणा की गई है। इनके साथ ही सांचौर से आए गुरू हंसोजी के भक्त मालाराम ज्याणी ने मंदिर परिसर में 5 लाख की लागत से पक्षीघर बनवाने की घोषणा की।
ऐतिहासिक गर्वित विरासत है लिखमादेसर का हंसोजी धाम, सरपंच के प्रति जताया आभार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव लिखमादेसर में हंसोजी महाराज का धाम ऐतिहासिक गर्वित विरासत है एवं इस विरासत को सहेजने में गांव में वर्तमान सरपंच सरस्वती देवी का कार्यकाल खासा महत्वपूर्ण रहा है। इस कार्यकाल में मंदिर विकास में सरपंच द्वारा कई पक्के निर्माण कार्य करवाए गए है। इन कार्यों की प्रशंसा बुधवार को दानदाता मोहनलाल सिंघी ने भी की। सिंघी ने अपने उदबोधन में गांव लिखमादेसर में सरपंच द्वारा इस कार्यकाल में किए गए कार्यों को प्रेरणीय बताया एवं सभी गांवों में अपने गांव की विरासत सहेजने का प्रयास किए जाने पर क्षेत्र के प्रवासी उद्यमियों द्वारा अपने गांव की मिट्टी का कर्ज चुकाने के लिए आगे आने की प्रेरणा मिलने की बात कही। सिंघी ने इस प्रवेश द्वार लोकार्पण के मौके पर महंत भंवरनाथ ज्याणी, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मुकननाथ सिद्ध, साधक ओमनाथ सिद्ध, सरपंच प्रतिनिधि राधेश्याम सिद्ध का अभिनंदन भी किया। पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने भी गुरू हंसोजी की तपोस्थली को नमन करते हुए मंदिर विकास को प्रेरणीय बताया।
यह आयोजन श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स द्वारा फेसबुक पर लाईव प्रसारण किया गया आप भी लिंक पर क्लिक कर देंखें पूरा वीडियो- https://www.facebook.com/share/v/1XXnyfVJJZ/










