






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 फरवरी 2025। आज की इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें दिन भर की कुछ खास खबरें एक साथ, एक नजर में, देखें आयोजनों के फोटो भी।
राज्यमंत्री सुथार रहेगें दो दिवसीय मुम्बई प्रवास पर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त भाजपा नेता रामगोपाल सुथार दो दिवसीय प्रवास के लिए सोमवार को मुम्बई पहुंचेगें। मुम्बई में सुथार समाज के श्री विश्वकर्मा चेरिटेबल ट्रस्ट के 35वें वार्षिकोत्सव के तहत आयोजित हो रहे दो दिवसीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होगें एवं विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले अन्य कार्यक्रमों में भी भाग लेगें। इसके बाद राजस्थानी प्रवासियों से मुलाकात का कार्यक्रम भी रहेगा।
तहसील क्षेत्र में सर्वसमाज की जरूरतमंद महिलाओं को देंगे सिलाई मशीन, रोजगार से जुडकर बनें सबल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ में महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर अपने परिवार के पालन में सहायक बन सकें इस हेतु मानव जन जागृति संस्थान द्वारा सर्व समाज की जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें दी जाएगी। ये निर्णय रविवार को संस्थान के प्रदेशाध्यक्ष सौदागर कांदेला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया। कांदेला ने बताया कि इस हेतु 10 फरवरी 2025 से 20 फरवरी 2025 तक रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। जिसमें विधवा, जरूरतमंद, बीपीएल, श्रीडूंगरगढ़ तहसील की निवासी महिलाओं को सिलाई मशीन वितरित की जाएगी। संस्थान द्वारा शीघ्र ही मशीन वितरण एवं कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। संयुक्त सचिव घनश्याम कांदेला व प्रदेश प्रवक्ता कालूराम बुनकर ने बताया कि बैठक में आयोजन समिति का गठन किया गया और मालाराम सातलेरा को संरक्षक बनाया गया। वहीं भंवरलाल कमलिया को संयोजक व सीताराम चालिया को सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। मुख्य प्रभारी रेखाराम कालवा, सह प्रभारी लालचंद लूणा, प्रदेश समन्वयक मनराज कांटीवाल, सलाहकार ओमप्रकाश बारोटिया को नियुक्त किया गया। समिति सदस्य गुलाराम परिहार, ताराचंद कताला, बीरबलराम, ताजाराम फौजी, ब्रह्मप्रकाश भाटी, तिलोक धीरदेसर, बजरंगलाल राजपुरोहित को बनाया गया। संस्थान के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान किया। बैठक को प्रकाश गांधी व भरत लखासर ने भी संबोधित किया। संस्था के महासचिव मनराज कांटीवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया।

शराब ठेके के खिलाफ धरने के 162 दिन पूरे, ग्रामीणों ने ठेका बंद की दोहराई मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव धीरदेसर चोटियान में गांव के बुजुर्ग रविवार को 162वें दिन धरने पर डटे रहें और शराब ठेका बंद करने की मांग दोहराई। धरने पर एडवोकेट श्यामसुंदर आर्य ने कहा कि शांतिपूर्ण धरने की सुनवाई नहीं की जा रही है। आर्य ने कहा कि जब ग्रामीण ठेका बंद करवाने के लिए एकमत है तो प्रशासन द्वारा इसे अनुसना कर ठेकेदार को शह दे रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा गांव में ठेका बंद करवाने की कार्रवाई पर शीघ्र ही कार्रवाई करनी चाहिए। धरना स्थल पर वार्डपंच मुन्नीराम चोटिया, केशराराम चोटिया, कुशलाराम बारोटिया, किशनलाल चोटिया, रामचन्द्र चोटिया, रामूराम, गोमदराम, गजानन्द शर्मा उपस्थित रहें।




