May 20, 2026
WhatsApp Image 2025-02-10 at 09.18.55

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 फरवरी 2025। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के हवाला कारोबारी देश भर के हवाला कारोबार में शामिल है एवं अपना काम बढ़ाने के चक्कर में आए दिन आपराधिक मामलों में भी फंस रहे है। अब खबर आई है पंजाब के अमृतसर से जहां क्षेत्र का एक युवक हवाला कारोबार के चक्कर में पाकिस्तान से हेरोईन, हथियार मंगवाने, हवाला के जरीए पैसे पाकिस्तान भेजने और पाकिस्तान को भारतीय सेना की खुफिया जानकारी देने वाले गद्दारों का साथी बन गया। पंजाब पुलिस ने इस मामले में पंजाब में रहने वाले तीन गद्दार भारतीय सेना के फौजियों, एक स्थानीय नागरिक एवं क्षेत्र के गावं गुंसाईसर बड़ा के युवक माधव शर्मा पुत्र बृजलाल शर्मा को इन आरोपों में गिरफ्तार किया। आप भी पढ़ें पंजाब की मीडिया रिपोर्टस के हवाले से प्रकाशित खबर।
नासिक में तैनात था फौजी, छुट्टी लेकर की नशीले पदार्थों की तस्करी, पाकिस्तान को भेजी संवेदनशील सूचनाएं और रुपए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पजांब के अमृतसर देहात पुलिस ने गत 5 फरवरी को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय सेना के एक जवान को दो अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी न केवल नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल था, बल्कि पाकिस्तान को संवेदनशील सूचनाएं भी लीक कर रहा था। नासिक में तैनात सैनिक अमृतपाल सिंह छुट्टी पर घर आया था। अमृतपाल सिंह चौहला साहिब का निवासी है। पुलिस ने एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसके और उसके साथियों के पास से 500 ग्राम हेरोइन, 10 लाख की ड्रग मनी, एक नोट गिनने की मशीन, एक वरना कार बरामद की है। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में अमृतपाल का पड़ोसी मंदीप सिंह और माधव शर्मा शामिल हैं, जो हवाला के लेन-देन का काम देखता था। अमृतसर देहात के एसएसपी चरणजीत सिंह ने बताया कि इस कार्रवाई में पता चला कि आरोपी पाकिस्तानी तस्करों के साथ मिलकर न केवल ड्रग्स और हथियारों की तस्करी कर रहे थे, बल्कि इससे कमाए गए पैसे को रेमिटेंस के जरिए पाकिस्तान भेजने की जानकारी भी सामने आई है। अमृतपाल सिंह चौहला के मोबाइल फोन की जांच में पाकिस्तान से संबंधों के सबूत मिले हैं। पुलिस स्टेशन घरिंडा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। आरोपी अमृतपाल और मंदीप एक कंसाइनमेंट ले जाते समय पकड़े गए। यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण विभिन्न एजेंसियां भी जांच में जुट गई और अमृतपाल से मिली जानकारी के अनुसार भारतीय सेना में तैनात दो और फौजियों को गिरफ्तार किया है।
पाक खुफिया एजेंसियों देते थे गुप्त सूचनाएं, भेजते थे रुपए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अमृतसर देहात के एसएसपी चरणजीत सिंह ने बताया कि, भारतीय सेना में कार्यरत अमृतपाल सिंह और राजबीर सिंह भारतीय सेना के गुप्त दस्तावेज और अन्य सूचनाएं भी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों को भेजते हैं। पुलिस थाना घरिंडा के मुख्य अधिकारी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गांव रणीके से नाकाबंदी कर अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत, मनदीप सिंह उर्फ मैडी तथा माधव शर्मा को एक वरना कार सहित गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 500 ग्राम हेरोइन, 30 बोर एक पिस्तौल, मैगजीन, 10 लाख की ड्रग मनी और एक नोट गिनने की मशीन बरामद की गई। इस संबंध में उक्त आरोपियों के खिलाफ थाना घरिंडा में बीएनएस की धारा 21/23/25/27-ए/29/61-85 एनडीपीएस एक्ट, 25 आर्म्स एक्ट, 3,4,5 शासकीय गोपनीयता अधिनियम 1923 के तहत केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तस्कर और साथियों से जब्त की गई 10 लाख की नकदी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आरोपी से पिस्टल, रुपये गिनने की मशीन, 500 ग्राम हेरोइन भी हुई बरामद