






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 मार्च 2025। रमजान का चांद शनिवार शाम ढलने के साथ ही नजर आ गया है। रविवार से रमजान का पाक माह प्रारंभ होगा। कल पहला रोजा रखा जाएगा। इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार ये सबसे पवित्र माह माना जाता है। स्थानीय मदीना मस्जिद के इमाम मौलाना हारीश साहब, मक्का मस्जिद के इमाम मौलाना माजिद साहेब व मौजाइन हारून साहेब व सदर मस्जिद के हाजी गुलाम नबी साहेब ने सभी क्षेत्र वासियों को पाक माह रमजान की बधाई दी। मौलाना ने इफ्तार व सहरी के समय का कैलेंडर जारी करते हुए बताया कि रविवार सुबह 5 बजे फज्र की नमाज के बाद पहला रोजा रखा जाएगा। उन्होंने रोजेदारों को किसी के प्रति बुरा ना सोचने, बुरा ना ही कहने, बुरा ना देखने की हिदायत भी दी। मौलाना ने रमजान में रोजेदारों को गरीबों की मदद करने और अपनी कमाई का ढाई प्रतिशत जकात के रूप में गरीबों को देने की बात भी कही। बता देवें रमजान प्रारंभ होने की खुशी में शनिवार को बाजार में भी रौनक नजर आई।





